ठेका खोलने के विरोध में नारेबाजी करते लोग।
- फोटो : MOHALI
मोहाली। वीआईपी सिटी के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-7 में शराब का ठेका खोलने के विरोध में महिलाएं सड़क पर आ गईं। इस मौके पर महिलाओं ने सेहत मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस अवसर पर महिलाओं ने तत्काल शराब के ठेके को हटाने की मांग की।
नए वित्त वर्ष में हुई शराब ठेकों की नीलामी में इंडस्ट्रियल एरिया फेज-7 में पंजाब टैक्नीकल यूनिवर्सिटी के सामने ठेके को मंजूरी दी गई है। इस ठेके के लिए टीन की चादरों से निर्माण भी कर लिया गया है। जैसे ही स्थानीय महिलाओं को इसका पता चला तो वे इसके विरोध में सड़क पर आ गईं। उन्होंने कहा कि यहां शराब का ठेका खुलने से जहां स्कूल जाने-आने वाले छात्रों पर गलत असर पड़ेगा, वहीं छात्राओं का भी यहां से गुजरना दूभर हो जाएगा, क्योंकि शराब के ठेके पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहेगा।
प्रदर्शनकारी स्थानीय महिलाएं शराब के ठेके के लिए बनाए गए टीन के खोखे के बाहर धरने पर बैठ गईं। महिलाओं के समर्थन में आसपास के रिहायशी इलाकों के लोग भी जमा हो गए। प्रदर्शनकारी महिलाओं की अगुवाई कर रही पूनम का कहना था कि किसी भी सूरत में यहां शराब का ठेका खुलने नहीं दिया जाएगा। उनका कहना था कि यहां शराब का ठेका खुलने से आसपास का माहौल खराब होगा और स्थानीय लोगों, खासकर महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। शराब ठेका खुलने का विरोध कर रही महिलाओं के समर्थन में आम आदमी पार्टी भी उतर आई। पार्टी की कार्यकर्ता और सोशल वेलफेयर एसोसिएयन की प्रधान आरती राणा ने कहा कि पार्टी स्थानीय महिलाओं का समर्थन करेगी। उन्होंने कहा कि रिहायशी इलाके के पास शराब के ठेके नहीं खोले जाने चाहिए। स्थानीय पार्षद ने भी महिलाओं का समर्थन करते हुए शराब का ठेका खोलने का विरोध किया है।