मोहाली। जिले के सरकारी स्कूलों में 12.92 प्रतिशत नए दाखिले हुए हैं। खरड़ ब्लॉक के गांव रडियाला के सरकारी हाई स्मार्ट स्कूल में दाखिलों में 25 फीसदी इजाफा हुआ है। जो जिले में सबसे ज्यादा है। लिहाजा स्कूल के स्टाफ को शिक्षा विभाग की ओर से सम्मानित भी किया गया।
शिक्षा विभाग राज्य के सरकारी स्कूलों में दाखिलों को बढ़ावा देने के विशेष अभियान चला रहा है। जिसके चलते जिले में इस शिक्षा सत्र के दौरान सरकारी स्कूलों में नए दाखिलों में 12.92 फीसदी का इजाफा हुआ है। खरड़ ब्लॉक में यह बढ़ोतरी 11.92 फीसदी रही है। खरड़ ब्लॉक के गांव रडियाला के सरकारी हाई स्मार्ट स्कूल में नए शिक्षा सत्र के लिए 25 प्रतिशत से अधिक दाखिले हुए हैं। रडियाला का सरकारी हाई स्मार्ट स्कूल सबसे अधिक दाखिले करवा कर जिले में अव्वल रहा है।
स्कूल की इस कारगुजारी पर स्कूल के हेडमास्टर डॉ. सुरिंदर जिंदल सहित समूूचे स्टाफ को शिक्षा विभाग की ओर से सम्मानित किया गया। इसके लिए सोमवार को उप जिला शिक्षा अधिकारी रविंदर कौर विभाग की टीम के साथ स्कूल पहुंची। इस दौरान रविंदर कौर ने कहा कि हेडमास्टर डॉ. सुरिंदर जिंदल ने विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य से अधिक दाखिले करवाने का काम किया है। उप जिला शिक्षा अधिकारी ने उम्मीद जाहिर की कि यह सफर इसी तरह जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसा वह हर उस जगह करते रहे हैं, जहां उनकी नियुक्ति रही है। इस दौरान जिला शिक्षा सुधार टीम के विषय विशेषज्ञ सुशील कुमार व संजीव भनोट भी मौजूद रहे।