मोहाली। पंजाबी संगीत जगत के प्रसिद्ध गायक राजवीर जवंदा की सेहत अभी भी नाज़ुक बनी हुई है। फोर्टिस अस्पताल, मोहाली की ओर से जारी मेडिकल अपडेट के अनुसार गायक को लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया है और उनकी स्थिति पर क्रिटिकल केयर और न्यूरोसाइंसेज टीम लगातार नजर रख रही है।
डॉक्टरों ने बताया कि उनकी न्यूरोलॉजिकल स्थिति गंभीर है और अभी तक कोई उल्लेखनीय सुधार नहीं देखा गया। दिल की धड़कन सामान्य बनाए रखने के लिए दवाइयों का सहारा लिया जा रहा है, लेकिन चिकित्सकों ने स्पष्ट किया कि प्रॉग्नोसिस गार्डेड है और आगे का परिणाम अभी निश्चित नहीं है।
परिवार के सदस्य और करीबी मित्र लगातार अस्पताल में मौजूद हैं, जबकि प्रशंसकों में भी चिंता का माहौल है। सोशल मीडिया पर चाहने वाले उनकी लंबी उम्र और जल्दी स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं। कई कलाकारों ने पोस्ट डालकर परिवार को हिम्मत बंधाई और सभी से प्रार्थना करने की अपील की।
अस्पताल प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन पर भरोसा करने का अनुरोध किया। डॉक्टरों ने कहा कि गायक की स्थिति बेहद संवेदनशील है और इस समय परिवार को शांति और सहयोग देना सबसे महत्वपूर्ण है।