मोहाली में भाजपा नेताओं का विरोध करते प्रदर्शनकारी।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब में 14 फरवरी को निकाय चुनाव हैं। किसान आंदोलन के कारण भारतीय जनता पार्टी का विरोध भी तेज होने लगा है। मोहाली के सेक्टर-79 के एक होटल के बाहर गुरुवार को उस समय माहौल गरमा गया जब भाजपा के नेता नगर निगम चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी करने पहुंचे। इस दौरान वहां कुछ लोग किसानों के झंडे लेकर पहुंच गए।
कुछ लोगों ने भाजपा नेताओं की गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस पहुंच गई। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी के नेता वहां से अपनी गाड़ियों में बचकर निकले।
भारतीय जनता पार्टी के चुनाव आब्जर्वर व सीनियर नेता केडी भंडारी, सुखविदंर सिंह गोल्डी व संजीव वशिष्ट का कहना है कि यह सारी कार्रवाई कांग्रेस करवा रही है। वह इस मामले में जल्दी ही निर्वाचन आयोग व सीनियर अधिकारियों से मिलेंगे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों की सुरक्षा की मांग की है।