मोहाली में खुलेंगे तीन औषधि केंद्र।
- फोटो : फाइल फोटो
पंजाब के कुराली, डेराबस्सी और ढकौली में रहने वाले हजारों परिवारों को जल्दी ही सस्ते रेटों पर जेनरिक दवाएं मिल पाएंगी। जिला रेडक्रास सोसाइटी जन औषधि स्टोर खोलने की तैयारी में हैं। सोसाइटी का दावा है कि केंद्रों में बाजार से अस्सी फीसदी कम कीमत पर लोगों को दवाएं मिलेंगी। वहीं, जरूरतमंद परिवार बढ़िया तरीके से सेहत सुविधाओं का लाभ उठा पाएंगे। जिला रेड क्रॉस सचिव कमलेश कुमार ने कहा कि मोहाली और खरड़ में जन औषधि केंद्र चल रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इन केंद्रों से दवाएं खरीदें।
जानकारी के मुताबिक जिले के लोगों को सस्ते रेटों पर दवाएं मुहैया करवाने के लिए कुछ समय पहले जिला रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा जन औषधि केंद्र खोले गए थे। यहां पर सभी तरह की दवाएं लोगों को मुहैया करवाने की कोशिश की जाती है। इसी कड़ी में अब तीन और अस्पतालों को चुना गया, जहां पर ये केंद्र खोले जाएंगे। इसके लिए जगह की निशानदेही से लेकर अन्य सारे काम किए जा रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्दी ही लोगों को इस सेंटरों का तोहफा मिल जाएगा।
रेडियो के माध्यम से किया जागरूक
सेहत विभाग की तरफ से लोगों को जन औषधि केंद्रों की महत्ता के बारे में जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। सात मार्च को विभाग के डायरेक्टर गुरविंदरवीर सिंह ने रेडियो के माध्यम से जन औषधि केंद्रों की महत्ता के बारे में जागरूक किया था।