मोहाली। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) ने 8वीं, 10वीं और 12वीं कक्षाओं की वार्षिक बोर्ड परीक्षाएं आयोजित करने के लिए सभी प्रबंध पूरे कर लिए हैं। इन परीक्षाओं में 8.82 लाख से अधिक छात्र शामिल होंगे। बोर्ड ने इन परीक्षाओं के लिए राज्यभर में 2579 परीक्षा केंद्र स्थापित किए हैं। 8वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं बुधवार (19 फरवरी) से, 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 24 फरवरी से और 10वीं की परीक्षाएं मार्च में शुरू होंगी। 8वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में कुल 3,02,189 विद्यार्थी बैठेंगे, जबकि 10वीं कक्षा की परीक्षा में 2,84,658 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इसके अलावा 9,877 छात्र मैट्रिक ओपन की परीक्षा देंगे।
कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा में कुल 2,72,105 विद्यार्थी और सीनियर सेकेंडरी ओपन की परीक्षा में 13,363 विद्यार्थी शामिल होंगे। बोर्ड परीक्षाओं के लिए राज्यभर में कुल 2579 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षाओं का सुचारू और निष्पक्ष संचालन सुनिश्चित करने के लिए 2579 अधीक्षक और 3269 उप अधीक्षक तैनात किए गए हैं। बोर्ड परीक्षाओं की निगरानी के लिए मुख्यालय पर एक नियंत्रण कक्ष (0172-5227136, 137, 138) भी स्थापित किया गया है। स्कूल शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं हैं।