मोहाली। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) की ओर से अक्तूबर, 2020 में करवाई गई 12वीं की अनुपूरक परीक्षाओं का परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया गया। पीएसईबी के परीक्षा कंट्रोलर जनक राज महरोक ने बताया कि 12वीं श्रेणी की अनुपूरक परीक्षा में कंपार्टमेंट, री अपीयर, अतिरिक्त विषय की परीक्षा, कारगुजारी बढ़ाने का मौका दिया गया था। शनिवार को परीक्षा में अपीयर हुए छात्र बोर्ड की वेबसाइट से परिणाम देख पाएंगे। वहीं, बोर्ड ने छात्रों को हिदायत दी है कि संबंधित परीक्षा का नतीजा घोषित किए जाने के 15 दिनों के अंदर पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी किए गए सर्टिफिकेट जिले के क्षेत्रीय दफ्तर में जमा करवाने होंगे। जिससे उन्हें नये सर्टिफिकेट जारी किए जा सकें। ऐसा न करने वाले छात्रों को कारगुजारी में सुधार होने पर नया सर्टिफिकेट जारी नहीं किया जाएगा। छात्र अपना परिणाम देखने के लिए बोर्ड की वेबसाइट www.pseb.ac.in या www.indiaresults.com पर लॉगिन कर सकते हैं।