सेक्टर-69 में खुले शराब ठेके का विरोध करते लोग।
- फोटो : MOHALI
मोहाली। सेक्टर-69 में खुले शराब ठेके का मामला शुक्रवार को एक बार फिर से गरमा गया। गांव कुंभड़ा के लोग इकट्ठे होकर ठेका बंद करवाने पहुंच गए। महिलाओं और गांव वासियों ने ठेके का शटर नीचे गिराया और ठेके के आगे धरने पर बैठ गए। काफी देर बाद एक्साइज विभाग, गमाडा और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करवाकर ठेका खुलवाया। लोगों ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि अगर ठेका बंद न हुआ तो वह गमाडा और एक्साइज विभाग के दफ्तर पर भी धरना देंगे।
सेक्टर 69 में एक अस्पताल के सामने शराब का ठेका खोला गया है, जिसका काफी समय से विरोध हो रहा है। शुक्रवार को गांव कुंभड़ा के लोग एकत्रित होकर ठेका बंद करवाने के लिए पहुंच गए। ठेके को नुकसान न पहुंचे, इसलिए मौके पर फेज-8 पुलिस भी पहुंच गई। ठेके को लेकर महिलाओं में काफी गुस्सा था। महिलाएं ठेके के अंदर घुस गईं। तभी पुलिस ने उनको बाहर निकाला। बाहर निकलते ही लोगों ने शटर गिराकर ठेके बंद कर दिया और ताला लगाने की कोशिश की। थाना फेज-8 के प्रभारी ने उनको रोका और प्रशासनिक अधिकारियों के आने तक इंतजार करने को कहा। लोगों का कहना था कि जिस जगह पर ठेका खोला गया है उसके सामने मंदिर, स्कूल और अस्पताल हैं। साथ ही बस स्टॉप भी है, जहां से रोजाना महिलाएं, बच्चे आते-जाते हैं। कुछ समय के बाद एक्साइज विभाग और गमाडा अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
एक्साइज विभाग के अधिकारियों ने लोगों का समझाया और गमाडा अधिकारियों ने बताया कि उनके द्वारा ठेके की जगह को इस जगह से दूसरी जगह शिफ्ट करने की कार्रवाई शुरू करते हुए फाइल एसीए गमाडा को भेज दी है। जल्द ही इस पर कार्रवाई हो जाएगी। इसके बाद लोग शांत हुए। एक्साइज विभाग ने लोगों को कहा कि जब तक गमाडा इस जगह पर खुले ठेके को अलाट की गई जमीन का एग्रीमेंट रद्द नहीं करता, तब तक ठेका यहीं पर खुला रहेगा।
शराब के ठेकेदार ने बताया कि उनके द्वारा परमिशन लेकर और एक्साइज विभाग की फीस भरकर ही ठेका खोला गया है। लोगों ने स्पष्ट किया कि अगर ठेका बंद न हुआ तो उनको मजबूरन संघर्ष को ओर तेज करना पड़ेगा और जरूरत पड़ी तो वह गमाडा और एक्साइजन विभाग के दफ्तर के बाहर भी धरना देंगे।