औद्योगिक क्षेत्र फेज-8बी में इंडस्ट्रीज एसोसिएशन और नगर निगम ने जगाया विशेष शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। औद्योगिक क्षेत्र फेज-8बी में एक विशेष शिविर आयोजित किया गया। इसमें महज चार घंटे में 10 लाख रुपये से अधिक का संपत्ति कर जमा हुआ। यह शिविर मोहाली इंडस्ट्रीज एसोसिएशन और नगर निगम एसएएस नगर ने लगाया था। शिविर शनिवार को मोहाली हाईटेक मेटल क्लस्टर में सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक चला। इसमें बड़ी संख्या में उद्योगपति और औद्योगिक इकाइयों से जुड़े लोग कर जमा कराने पहुंचे। इस सुविधा से उन्हें नगर निगम कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी। इससे उनके समय की भी बचत हुई। एमआईए के अध्यक्ष मुकेश बंसल ने नगर निगम को इस सुविधा के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर हर साल आयोजित किए जाते हैं और अच्छी प्रतिक्रिया मिलती है। एमआईए के महासचिव दिलप्रीत सिंह बोपाराय ने बताया कि उद्योगपतियों के लिए निगम कार्यालय जाकर कर जमा करना मुश्किल होता है। औद्योगिक क्षेत्र में शिविर लगने से यह प्रक्रिया सरल हो जाती है। शिविर का मुख्य उद्देश्य औद्योगिक इकाइयों के लिए संपत्ति कर जमा करने की प्रक्रिया को आसान बनाना था। उद्योगपतियों को अपने कार्यस्थल के पास ही कर जमा करने का अवसर मिला। इससे उन्हें लंबी यात्रा और प्रतीक्षा से मुक्ति मिली। उद्यमियों ने इस पहल का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।