जीरकपुर। प्रॉपर्टी टैक्स का एक मुश्त भुगतान कर ब्याज और जुर्माने में 100% छूट का लोगों ने भरपूर लाभ उठाया है। लोगों के रुझान को देखते हुए सरकार ने 15 अगस्त तक के लिए बढ़ा दिया है। 15 मई 2025 से 31 जुलाई 2025 तक नगर परिषद को बंपर कमाई हुई और करीब 14 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। इससे पूर्व 1 अप्रैल 2024 से लेकर 31 जुलाई 2024 तक नगर परिषद जीरकपुर को 4 करोड़ 17 लाख 9603 रुपये प्रॉपर्टी टैक्स के रूप में मिले थे।
यह पिछले वर्ष के पहले चार महीने की कमाई के मुकाबले करीब 10 करोड़ रुपये ज्यादा है। 31 जुलाई 2025 को जिस दिन यह स्कीम खत्म होनी थी, उस दिन मात्र एक ही दिन में जीरकपुर के लोगों ने नगर परिषद जीरकपुर को प्रॉपर्टी टैक्स के रूप में 1 करोड़ 36 लाख 33 हजार 587 रुपए जमा करवाएं जो कि आज तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है। नगर परिषद ने इस वित्त वर्ष के दौरान प्रॉपर्टी टैक्स के रूप में 20 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त करने का बजट निर्धारित किया था, जिसका 68% मात्र 4 महीने में ही पूरा कर लिया गया है। पिछले वर्ष भी नगर परिषद जीरकपुर द्वारा अपने 20 करोड़ रुपये प्रॉपर्टी टैक्स के रूप में वसूल करने के बजट को पार कर 21 करोड़ 33 लाख रुपये इकट्ठे किए थे।
लगी रही लंबी लाइन
15 मई 2025 से शुरू हुई स्कीम का लाभ उठाने के लिए नगर परिषद के टैक्स विभाग में लोगों की लंबी लाइनें लगीं रहीं। आखिरी दिन 31 जुलाई को छुट्टी के बावजूद विभाग का कार्यालय खुला रहा। इसका लाभ उठाने के लिए लोग रात दस बजे तक टैक्स भरते रहे। नगर परिषद ने लोगों की भीड़ को देखते हुए दो हफ्ते पहले से ही छुट्टी के दिन भी टैक्स विभाग का कार्यालय खोल दिया था। सरकार ने इस स्कीम के तहत 31 जुलाई 2025 तक एक बार में ही पिछले वर्षों का अपना बकाया प्रॉपर्टी टैक्स भरने पर लोगों को ब्याज और जुर्माने में 100% की छूट दी थी।
मार्कफेड से मिले 48 लाख
इस बार सबसे ज्यादा प्रॉपर्टी टैक्स मार्कफेड की एक प्रॉपर्टी से प्राप्त हुआ है। यह करीब 48 लाख रुपये है। इसके अलावा चारों बिजली ग्रिड का प्रॉपर्टी टैक्स समय पर ही भर दिया गया है। सरकारी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र को कोई भी प्रॉपर्टी टैक्स अदा नहीं करना पड़ता है।
नगर परिषद जीरकपुर को 1 अप्रैल 2025 से 15 मई 2025 तक प्रॉपर्टी टैक्स के रूप में करीब तीन करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। सरकार की स्कीम के बाद 15 मई 2025 से लेकर 31 जुलाई 2025 तक करीब 11 करोड़ रुपया प्राप्त हुआ है। अभी-अभी जानकारी मिली है कि सरकार ने इस स्कीम को 15 अगस्त 2025 तक बढ़ा दिया है। इसका शहर के लोगों द्वारा जरूर लाभ उठाया जाना चाहिए। अपना बकाया प्रॉपर्टी टैक्स अदा करके जुर्माने और ब्याज में 100% का लाभ लेना चाहिए। - प्रोमिला चौहान, सुपरिंटेंडेंट, नगर परिषद जीरकपुर