जीकरपुर। नाभा गांव के देवभूमि सोसाइटी में रुपयों के लेनदेन में प्रॉपर्टी का काम करने वाले एक व्यक्ति ने अपने दो साथियों पर गोली चला दी। आरोपी ने शराब के नशे में सोमवार देर रात सवा 12 बजे वारदात को अंजाम दिया। गोलीबारी में रवि और सुरेश घायल हो गए। दोनों को लहूलुहान हालत में पहले जेपी अस्पताल ले जाया गया, वहां प्राथमिक उपचार के बाद पंचकूला सेक्टर-21 के अल केमिस्ट अस्पताल रेफर किया गया। रवि के मुंह पर गोली लगी है, जबकि सुरेश कान पर गोली लगने से घायल हुआ है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। फायरिंग करने वाला आरोपी जिला मानसा के गांव रायपुर निवासी संदीप कुमार है। वारदात को अंजाम देने के बाद वह अपनी कार सहित फरार है। जीरकपुर थाना पुलिस ने घायल रवि की बहन पूनम शर्मा के बयान पर संदीप के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। पुलिस उसकी तलाश में छापा मार रही है। सभी लोग प्रॉपर्टी का काम करते हैं।
शराब के नशे में आया था घर
पूना शर्मा ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह मूल रूप से जिला हनुमानगढ़ राजस्थान की रहने वाली हैं। देव भूमि होम्स सोसाइटी में उनका सी-4 फ्लैट नंबर है। 5 अगस्त को वह अपने भाई रवि के साथ अपने फ्लैट में मौजूद थी। सोमवार रात करीब 12.15 बजे फ्लैट में संदीप कुमार आया। उसने शराब पी रखी थी। उसने आकर पूछा कि फ्लैट सी-5 में रहने वाला व्यक्ति कहां है। उसने कहा कि वह इस बारे में कुछ नहीं बता सकती। संदीप ने जबरन उसके कमरे में घुसने का प्रयास किया। संदीप ने उसको टी-शर्ट से पकड़ लिया। उसका शोर सुनकर उसका भाई रवि मौके पर आ गया। संदीप ने रवि को गालियां निकाली और बालों से पकड़कर नीचे ले गया।
तीसरी मंजिल से घसीट कर लाया, नीचे आकर चलाई गोली
पूनम शर्मा ने बताया कि संदीप उसके भाई रवि को बालों से खींचकर तीसरी मंजिल से नीचे ग्राउंड फ्लोर पर ले गया। पहले उसने उसे गालियां निकाली और बाद में पिस्टल निकालकर पर उस पर फायर कर दिया। गोली रवि के मुंह पर लगी और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। गोली की आवाज सुनकर उनका पड़ोसी सुरेश मौके पर आ गया। उसने रवि को लहूलुहान हालत में जमीन पर तड़पते देखा और वह जब वह उसे बचाने का प्रयास करने लगा तो संदीप ने उस पर भी फायर कर दिया। गोली सुरेश के कान पर लगी। दोनों जमीन पर बेसुध पड़े थे। संदीप ने लोगों की भीड़ देखी तो वह अपनी कार में मौके से फरार हो गया। पूनम शर्मा ने अपने धर्म भाई कुलदीप सिंह को फोन कर मौके पर बुलाया। दोनों घायलों को अस्पताल ले गए।
80 हजार के लेनदेन के चलते मारी गोली
पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई है कि उक्त सभी प्रॉपर्टी का काम करते हैं। एक दूसरे को अच्छे से जानते हैं। रवि ने संदीप को 80 हजार रुपये दिए थे। रवि की बहन पूनम शर्मा ने संदीप से उक्त रुपये देने के लिए कहा था। संदीप ने रुपये देने से इंकार कर दिया था। इस बात को लेकर उनकी कहासुनी हुई थी। इस वजह से संदीप रंजिश रखता था।