जीरकपुर। भबात क्षेत्र के महावीर और जरनैल एनक्लेव-3 समेत अन्य क्षेत्रों में 48 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप होने की वजह से लोगों ने पॉवर काम के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष जताया। सोसाइटी निवासी बलविंदर सिंह, जगनारायण, विक्रम, शत्रुघ्न समेत अन्य ने बताया कि सोमवार से बिजली के कट लग रहे हैं। पहले बिजली कभी आ जाती थी, तो कभी चली जाती थी। बुधवार शाम पांच बजे से सप्लाई बिलकुल ठप है। इससे पानी की सप्लाई भी प्रभावित हो गई है। बुधवार शाम पांच बजे से बिजली न होने के कारण इन्वर्टर भी बंद हो चुके हैं। मोबाइल चार्ज करवाने के लिए अन्य जगह जाना पड़ रहा है।
रात को बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी हो रही है। नींद पूरी न होने के कारण लोगों का दफ्तर जाना भी मुश्किल हो रहा है। लोगों का कहना है कि अभी तो जून का महीना पड़ा है। अभी से यह हालात हैं, गर्मी के दिनों में तो शहर ही छोड़ना पड़ेगा। लोगों का कहना है कि इससे अच्छा तो गांवों में ही ठीक थे। लोगों ने बताया कि बुधवार पांच बजे से बिजली नहीं है। इन लोगों का आरोप है कि उनके ट्रांसफार्मर से ईंट भट्ठे को भी सप्लाई दी गई है। इस कारण इस पर लोड बढ़ गया है। लोगों ने ट्रांसफार्मर बदलकर इसकी जगह पर बड़ा ट्रांसफार्मर लगाने की मांग भी की है।
दो दिन पहले आई आंधी के कारण पूरे शहर की बिजली सप्लाई प्रभावित हो गई थी। कई जगहों पर केबल सड़ गई थी। महावीर और जरनैल एनक्लेव में लगे ट्रांसफार्मर का एक फेज खराब है। दो फेज चल रहे हैं। कल इस ट्रांसफार्मर को बदलने की प्रक्रिया शुरू कर देंगे। इसके बाद पूरे क्षेत्र की बिजली सप्लाई सुचारू हो जाएगी। - राकेश भाटिया, एसडीओ, पॉवर काम विभाग जीरकपुर