जीरकपुर। बिजली कट से ढकोली के लोग परेशान हैं। दशमेश एनक्लेव में रोजाना रात को 3-4 घंटे बिजली कट लगने से लोगों की नींद भी पूरी नहीं हो पा रही है। रोजाना के बिजली कट से परेशान हो चुके लोगों ने रविवार को जमकर प्रदर्शन कर पावरकॉम को कोसा।
यहां के लोगों का आरोप है कि दशमेश एनक्लेव में बिजली सप्लाई का कोई निर्धारित समय नहीं है। पावरकॉम वाले अपनी मर्जी से बिजली की सप्लाई देते हैं और कट लगाते हैं। यहां के लोग शिकायत करके थक चुके हैं, समाधान के बजाय उनकी समस्या और ज्यादा बढ़ गई है।
लोगों का कहना है कि अक्सर यहां रात 12 बजे के बाद बिजली का कट लग जाता है और रात 3 बजे तक बिजली की सप्लाई बहाल की जाती है और एक दो घंटे बाद फिर से सुबह ही बिजली चली जाती है, ऐसे में लोगों की नींद भी पूरी नहीं होती और सुबह का काम भी नहीं कर पाते हैं।
बिना सूचना के कभी भी मनमर्जी से लगाए जा रहे लंबे कट
बिजली सप्लाई आने और जाने का यहां कोई निर्धारित समय नहीं है। जब मर्जी बिजली का कट लगा देते हैं और अपनी मर्जी से बिजली बहाल कर देते हैं। बिजली कट से पानी की सप्लाई भी बंद हो जाती है। जिससे बच्चे और बुजुर्गों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी होती है। जिस क्षेत्र में बिजली बंद करने के लिए समय देते हैं, उसके इलाके के साथ लगते एरिया में भी बिजली बंद हो जाती है। बिजली विभाग की अपनी मनमर्जी चलती है। जिस कारण लोग परेशान हो चुके हैं।
हेल्पलाइन-1912 पर सिर्फ शिकायत दर्ज होती है, समाधान नहीं होता
दशमेश कालोनी निवासी राजेश पठानिया ने बताया कि हेल्पलाइन नंबर-1912 पर कॉल कर बिजली कट की शिकायत करने पर शिकायत नंबर से जिस लाइन मैन का नंबर दिया जाता है, या तो उसका नंबर लगता नहीं या फिर वह फोन नहीं उठाता। ऐसे एक बार बिजली फाल्ट होने पर 7 से 8 घंटे का बिजली कट लगना तय है। हेल्पलाइन पर शिकायत तो दर्ज हो जाती है, पर समाधान नहीं होता।
यहा बोले परेशान लोग...
बिजली मीटर बॉक्स में अगर 10 की जगह 20 मीटर लगाएंगे तो बिजली सप्लाई का वर्क लोड बढ़ जाता है और फाल्ट होने के बाद यहां लोग परेशान होते रहते हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं होती। रात के समय अगर बिजली का एक फॉल्ट आ गया तो वह अगले दिन ही सही होगा। जबकि उसी समय ठीक करने आ जाना चाहिए। क्योंकि शिकायत के बाद भी लाइन मैन समय से नहीं आते हैं। -इशान, निवासी दशमेश एनक्लेव, ढकोली।
-यहां बिजली कटने का कोई निर्धारित समय नहीं है, कभी भी रात को यहां बिजली का कट लग जाता है। सप्ताह में से दो चार दिन पूरा-पूरा दिन बिजली गायब रहती है। कई बार शिकायत भी की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। -आशीष, निवासी दशमेश एनक्लेव ढकोली।
-बिजली कट से कालोनी के सभी लोग परेशान हैं। रात के समय यहां तकरीबन रोजाना ही बिजली कट लगाकर लोगों की नींद खराब की जाती है। जिसके चलते परेशानी का सामना करना पड़ता है। क्योंकि एक बार रात के समय बिजली चली गई तो 3-4 घंटे बच्चे और बुजुर्ग गर्मी में परेशान होते हैँ।
-भूपेंदर सिंह मनकोटिया, ढकोली जीरकपुर।