मोहाली। बनूड़ के गांव मनौली सूरत निवासी 68 वर्षीय बुजुर्ग से साइबर ठगों ने रिश्तेदार बनकर दो लाख रुपये ठग लिए। आरोपित ने खुद को कनाडा में रहने वाला अमन बताकर बुजुर्ग के बेटे को विदेश भेजने का झांसा दिया। पहले खाते में 10 लाख रुपये आने का फर्जी मैसेज भेजकर विश्वास जीता और फिर वीजा के नाम पर रकम ट्रांसफर करवा ली। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता माम चंद के अनुसार, 24 अगस्त को उनके बेटे लखविंदर सिंह के मोबाइल पर विदेशी नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को अमन बताते हुए कनाडा में रहने की बात कही। उसने छह सितंबर को भारत आने और उनकी मौसी के खाते में 10 लाख रुपये भेजने की बात कही। इसके बाद बेटे ने अपनी मां गुलजार कौर के एसबीआई खाते की जानकारी उसे दे दी। कुछ समय बाद 10 लाख रुपये आने का मैसेज मिला। फिर एक अन्य व्यक्ति ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर रकम अगले दिन निकालने की बात कही।
वीजा के नाम पर ट्रांसफर करवाए दो लाख
इसके बाद कथित रिश्तेदार ने वीजा लगवाने के नाम पर दो लाख रुपये मांगे और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खाते की जानकारी भेजी। शिकायत के मुताबिक, लखविंदर ने अपने पिता के यूनियन बैंक खाते से चेक के जरिये दो लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। उसी शाम आरोपित ने एक लाख रुपये और मांगे तो परिवार को ठगी का संदेह हुआ।
बीएनएस और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज
जांच अधिकारी गुरसिमरन वीर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर सात अक्तूबर को साइबर क्राइम थाने में बीएनएस की धारा 318(4), 61(2) और आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फोन नंबरों, बैंक खातों और लेनदेन की जांच कर रही है।