डेराबस्सी। गांव सुंडरा से हरिपुर रोड पर चल रहे एक लुक प्लांट को प्रदूषण फैलाने के आरोप में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने सील कर दिया है। स्थानीय लोगों की लगातार शिकायतों और मीडिया में प्रकाशित खबरों के बाद यह कार्रवाई की गई है। सुंडरा गांव के निवासियों का कहना है कि उक्त रोड पर लंबे समय से चल रहा एक लुक प्लांट और उससे निकलने वाला धुआं और बदबू आसपास के इलाकों में फैल रही थी, जिससे लोगों को सांस लेने में तकलीफ और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। पर्यावरण को हो रहे नुकसान को देखते हुए प्रशासन से कई बार अपील की गई थी। इसके बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने इस मामले में संज्ञान लिया। आज देर शाम टीम सुंडरा गांव में मौके पर पहुंची और लुक प्लांट का निरीक्षण किया और पाया कि प्लांट प्रदूषण मानदंडों का उल्लंघन कर रहा था। निरीक्षण के बाद टीम ने प्लांट को तुरंत प्रभाव से सील कर दिया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के एक्सियन नवतेस सिंगला ने कहा कि प्लांट को दोबारा चालू करने से पहले प्रदूषण नियंत्रण के सभी जरूरी नियमों का पालन करना होगा।