जीरकपुर। अगर आपने कोई नया वाहन खरीदा है और उसका रजिस्ट्रेशन विभाग से नहीं करवाया है तो जल्द से जल्द उसका रजिस्ट्रेशन करवा लीजिए। दरअसल यातायात पुलिस विभाग की ओर से शहर में दौड़ रही टेम्परेरी नंबर की गाड़ियों पर नजर रखने की तैयारी चल रही है। आने वाले दिनों में ऐसी गाड़ियों को यातायात पुलिस पकड़कर जब्त करेगी।
यह जानकारी जिला मोहाली देहात एसपी रवजोत कौर ग्रेवाल ने दी। उन्होंने कहा कि शहर में बढ़ रहीं आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए पुलिस विभाग ने यह फैसला लिया है।
जानकारी के मुताबिक, मोहाली, चंडीगढ़ और पंचकूला की सीमाओं पर बसे शहर जीरकपुर के अंदर रोजाना भारी संख्या में लोग वाहनों से आवाजाही करते हैं। शहर की आबादी पर नजर मारी जाए तो यहां अधिकतर वे लोग रहते हैं, जिनकी नौकरी और कारोबार मोहाली, चंडीगढ़, पंचकूला और आसपास है।
वहीं, एक से दूसरे शहर तक आने जाने के लिए लोग अपनी यात्रा के लिए बस, ऑटो, कैब के अलावा निजी वाहनों का इस्तेमाल करते हैं और हजारों की संख्या में मोहाली, चंडीगढ़ और पंचकूला नंबर वाले वाहनों का जीरकपुर में रोज आदान-प्रदान होता है। दूसरी ओर, हजारों की संख्या में एक से दूसरे शहर तक आवाजाही करने वाले वाहनों का फायदा उठाते हुए बीते दिनों शरारती तत्वों ने एक महिला के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले की शिकायत पीड़ित महिला ने पुलिस को दी थी। लेकिन अधिकतर ऐसे कई मामले और भी हैं, जो पुलिस तक पहुंचे ही नहीं और आरोपी निडर वारदात कर रहे हैं।
टेम्परेरी नंबर के ऑटो में सवार तीन बदमाशों ने युवती से लूटी थी नकदी
करीब डेढ़ महीना पहले टेम्परेरी नंबर के एक ऑटो में सवार तीन बदमाश उनके ऑटो में बैठी एक युवती के गले पर चाकू रखकर उससे हजारों रुपये लूटकर फरार हो गए थे। इन बदमाशों ने युवती के पास नकद पैसे नहीं होने पर उससे गुगल-पे के जरिये सात हजार रुपये ट्रांसफर करवाए थे। वह पकड़े न जाएं इसलिए टेम्परेरी नंबर के ऑटो का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने इस वारदात में शामिल आरोपियों को साइबर सैल की मदद से गिरफ्तार कर उनका टेम्परेरी नंबर का ऑटो भी बरामद कर लिया था।
टेम्परेरी नंबर के वाहन चालकों से सख्ती से होगी पूछताछ
टेम्परेरी नंबर के वाहनों की वजह से आरोपी अकसर पुलिस को चकमा देकर फरार हो जाते हैं। इस मामले पर उच्च अधिकारियों से बात की गई है। उनके निर्देशानुसार जीरकपुर में अब टेम्परेरी नंबर लगाकर घूमने वाले सभी तरह के वाहनों की चेकिंग करने के आदेश दिए हैं। जिनके कागजात में कमी पाई जाएगी, उनके खिलाफ यातायात पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
- रवजोत कौर ग्रेवाल, एसपी जिला मोहाली देहात।