डेराबस्सी। पुलिस ने एक्साइज इंस्पेक्टर की शिकायत पर चंडीगढ़ मार्का देसी शराब के 86 पौव्वे और एक मोटरसाइकिल को कब्जे में लिया है। मोटरसाइकिल पर सवार दोनों लोग पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की तफतीश कर रहे हवलदार रंजीत सिंह के अनुसार एक्साइज इंस्पेक्टर कुलविंदर सिंह सर्कल डेराबस्सी समेत हवलदार प्रभदीप सिंह और मनजिंदर सिंह चेकिंग के लिए पानी वाली टंकी लिंक रोड मोड़ ठिकरी के पास सुंडरा मौजूद थे। तभी मुखबिर ने सूचना दी कि मोटरसाइकिल पर सवार दो नौजवान चंडीगढ़ से शराब ला रहे हैं। इसके बाद एक्साइज विभाग ने पुलिस की मदद से नाकाबंदी कर दी। उक्त नंबर वाली मोटरसाइकिल गांव मोड़ ठिकरी की ओर से आती दिखी। दो नौजवान सवार थे। सीट के बीच में एक भारी बैग रखा हुआ था। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे घबरा कर मोटरसाइकिल तेज रफ्तार से भगा कर गांव सुंडरा की तरफ गए। पुलिस और एक्साइज टीम ने उनका पीछा किया, जो सुंडरा की एक गली में घुस गई। वहां चालक बैग और मोटरसाइकिल छोड़कर भाग गए। पुलिस ने एक्साइज विभाग की शिकायत पर दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।