सड़क खोलने को लेकर कौमी इंसाफ मोर्चा के प्रबंधकों के साथ मीटिंग करते पुलिस के अधिकारी।
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। दो दिन पहले चंडीगढ़ पुलिस और कौमी इंसाफ मोर्चा के कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प के बाद बंद किया गया वाईपीएस चौक से चंडीगढ़ जाने वाला मार्ग वीरवार को खोल दिया गया। स्थानीय पुलिस और मोर्चा के नेताओं के बीच बातचीत के बाद मार्ग खोलकर सड़क पर यातायात शुरू करवा दिया गया है। वीरवार दोपहर को डीएसपी सिटी 2 हरसिमरन बल की अगुवाई में पुलिस अधिकारियों की कौमी इंसाफ मोर्चा से मीटिंग हुई। जिसके बाद सड़क खोलने का निर्णय लिया गया। जिक्रयोग है कि एक साइड वाली सड़क कोर्ट के आदेश के बाद खोली गई थी, जिसे दो दिन पहले कौमी इंसाफ मोर्चा ने बंद कर दिया था। जिसके बाद वीरवार को मोर्चा के सरबजीत सिंह खरड़ ने अपनी मांगें रखीं, जिनका मौके पर ही समाधान कर दिया गया। उन्होंने कहा कि दो दिन पहले आंदोलन के दौरान पुलिस की ओर से जब्त मोर्चा के वाहनों को छोड़ दिया गया है और मोर्चा नेताओं ने सहमति व्यक्त की है कि वे पहले की तरह शांतिपूर्ण मोर्चा जारी रखेंगे और यातायात को नहीं रोकेंगे।