एसएसपी कार्यालय के बाहर अभिभावकों को बच्चा सौंपती पुलिस।
- फोटो : ??????
मोहाली। फेज-सात में घर से साइकिल चलाने निकला नौ वर्षीय बच्चा गुम हो गया। अभिभावकों ने इसकी शिकायत पुलिस नियंत्रण कक्ष में दी। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर तीन घंटे में बच्चे को तलाशकर परिजनों को सौंप दिया। यह सारी कार्रवाई डीएसपी सिटी-एक की अगुवाई में हुई।
जानकारी के मुताबिक फेज-सात निवासी नौ वर्षीय हिमानिश कश्यप शाम साढ़े तीन बजे के करीब घर से साइकिल चलाने के लिए निकला था। जब वह काफी देर तक घर नहीं पहुंचा तो अभिभावकों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने अपनी गली और आसपास बच्चे को ढूंढा, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसी बीच उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई और बच्चे को ढूंढने के लिए टीमें गठित कीं। इसके बाद पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। इसी बीच पुलिस को बच्चा फेज-तीन में घूमता हुआ मिला। इसके बाद पुलिस बच्चे को एसएसपी कार्यालय ले आई और अभिभावकों को बुलाकर उन्हें सौंप दिया।
बता दें कि यह कोई पहला मौका नहीं है जब पुलिस ने कम समय में इस तरह का मामला सुलझाया हो। इससे पहले फेज-1 और मटौर थाने की पुलिस इसी तरह बच्चों को ढूंढ कर उनके परिजनों के हवाले कर चुकी है।