मोहाली। पुलिस ने एक साल से लापता चल रहे व्यक्ति को तलाशकर उसके परिजनों को सौंप दिया। जानकारी के मुताबिक गांव सहौड़ा निवासी बलजिंदर कौर ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनके पति कुलविंदर सिंह करीब एक साल से लापता हैं। साथ ही पुलिस को यह भी बताया था कि उनके पति के गायब होने के पीछे उन्हें एक व्यक्ति पर संदेह है। इसके बाद पुलिस ने डीएसपी-डी गुरचरण सिंह की अगुवाई में एक कमेटी बनाई थी। इस कमेटी ने कुलविंदर सिंह को तलाश कर उसके परिवार को सौंप दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि कुलविंदर को नशा करने की आदत पड़ गई थी। इसके बाद उसके परिवार वाले 2019 में उसे नशा मुक्ति केंद्र अंबाला में छोड़ आए थे। इसके बाद 25 मई, 2020 को कुलविंदर सिंह नशा मुक्ति केंद्र से भाग गया था। इस मामले में भी नशा मुक्ति केंद्र संचालक की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया था। वहीं, जांच में यह भी सामने आया है कि कुलविंदर सिंह अपने घर वालों से परेशान चल रहा था। इस कारण वह अपने घर नहीं जाना चाहता था और नशे की आदत पड़ने पर नशा करने के लिए ट्रक ड्राइवरों के साथ ही जाना चाहता था। जांच में यह भी सामने आया है कि महिला ने जिस व्यक्ति पर उसके पति को गायब करने का संदेह जताया था, उस व्यक्ति को ही उसके पति ने अपनी जमीन बेची थी। इस कारण उस पर संदेह किया जा रहा था। संवाद