मोहाली। सिटी-1 पुलिस की टीम ने स्पेशल चेकिंग अभियान चलाकर फेज-6 के बाबा बंदा सिंह बहादुर बस स्टैंड में चेकिंग की। डीएसपी सिटी-1 पृथ्वी सिंह चाहल और एसएचओ फेज-1 सुखवीर सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ वीरवार दोपहर करीब साढ़े 3 बजे बस स्टैंड पहुंचे और चेकिंग शुरू की। पुलिस ने यहां लंबे समय से खड़े कुछ संदिग्ध वाहनों को अपने कब्जे में लिया है। इनको उठाने के लिए लंबे से कोई नहीं आ रहा था। नवनियुक्त एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस की अगुआई में पुलिस के सभी अधिकारी सड़कों पर उतरे और विशेष नाकाबंदी कर हर आने जाने वाले वाहन की जांच की।
डीएसपी पृथ्वी सिंह चाहल ने बताया कि बस स्टैंड पर काफी समय से खड़े वाहनों की जांच की गई है। इन वाहनों को वाहन एप्प के माध्यम से जांचा गया है। वहीं, बस में सफर करने वाले यात्रियों के सामान को चेक किया गया है। संदिग्ध लोगों का रिकार्ड तैयार किया गया है। बस स्टैंड के अंदर और बाहर खड़े ऑटो चालक व अन्य वाहनों की भी चेकिंग की गई है। डीएसपी सिटी-1 ने कहा कि वैसे तो समय-समय पर चेकिंग अभियान चलाया जाता है, होटल-रेलवे स्टेशन और हर उस जगह की जांच की जाती है जो संदिग्ध हो। आज विशेष तौर पर बस स्टैंड की चेकिंग की गई है। यहां रात के समय एसएचओ को गश्त बढ़ाने के लिए कहा गया है। पीसीआर पार्टी की भी तैनाती कर दी गई है जोकि सुबह 4 बजे तक इस एरिया में गश्त करेंगी। इसके बाद दूसरी पीसीआर दोपहर 1 बजे तक तैनात होगी।