मोहाली। लोगों को ट्रैफिक नियमों का पाठ पढ़ाने के लिए जिला पुलिस की तरफ से अब गांधीगीरी का सहारा लिया गया है। पुलिस की तरफ से ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों का चालान नहीं काटा जा रहा, बल्कि पहले उन्हें ट्रैफिक नियमों का पाठ पढ़ाया जा रहा है। साथ ही बाद में फूल देकर सम्मानित किया जा रहा है। उम्मीद जताई कि अब दोबारा ऐसे वे नहीं करेंगे।
जानकारी के मुताबिक पुलिस की तरफ से फेज-सात में ट्रैफिक जागरूकता सप्ताह के तहत एक समागम करवाया गया था। इस दौरान जो वाहन चालक किसी भी तरह का नियम तोड़ रहा था पुलिस द्वारा उन्हें फूल देकर सम्मानित किया जा रहा था। पुलिस वालों का कहना था कि गलती आपकी है, लेकिन हम आपको सम्मानित कर रहे हैं, ताकि दोबारा आप ऐसी गलती न करें। पुलिस वालों ने लोगों को समझाया कि ट्रैफिक नियमों का पालन करने का संबंध सीधे लोगों की जिंदगी से जुड़ा है। जो लोग ट्रैफिक नियम तोड़ते हैं वे खुद का जीवन तो खतरे में डालते हैं साथ ही कई अन्य जिंदगियों को भी खत्म कर देते हैं।
गौरतलब है कि वीआईपी जिले में सड़क हादसे काफी बढ़ गए हैं। चौबीस घंटे में एक से दो लोगों की मौत हादसों की वजह से हो रही है। इसको लेकर जिला प्रशासन काफी गंभीर है। कुछ दिन पहले ही एक्सीडेंट प्रोन एरिया की पड़ताल की गई थी। इसके बाद पूरे एरिया में साइन बोर्ड लगाए गए थे। इसके अलावा लाइनिंग सिस्टम लगाया गया है ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न आए।