पुलिस ने चार मस्जिदों की चेकिंग, कर्फ्यू तोड़ने वाले 31 गिरफ्तार
खरड़ । कोरोना वायरस की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन की ओर से लगाए गए कर्फ्यू की उल्लंघना करने के आरोप में पुलिस ने 20 वाहन चालकों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। वहीं, पुलिस द्वारा शहर में बनी चार मस्जिदों की चेकिंग की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार खरड़ सिटी पुलिस स्टेशन के एसएचओ भगवंत सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ जनता चौक खरड़, छोटी मस्जिद अस्पताल रोड, गांव खानपुर और दशमेश नगर में बनीं मस्जिदों की चेकिंग की और इन मस्जिदों में रह रहे लोगों की गिनती भी की गई।
इन सभी मस्जिदों के मौलवियों से कहा है कि मस्जिदों में जमा न हों और मस्जिदों में रह रहे सभी लोगों की ट्रैवल हिस्ट्री भी नोट की गई। उन्होंने बताया कि इन सभी मस्जिदों में सीसीटीवी कैमरे पहले ही लगाए जा चुके हैं। खरड़ सिटी थाने के एसएचओ भगवंत सिंह ने बताया कि अब तक पुलिस ने कर्फ्यू का उल्लंघन करने के आरोप में 31 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा 13 दो पहिया वाहनों और 6 चार पहिया वाहनों को कब्जे में लिया है1 उन्होंने लोगों से अपील की है कि कर्फ्यू का उल्लंघन कतई न करें और अपने घरों में ही रहें।