मोहाली। विदेश भेजने के नाम पर ठगने वाली कंपनी के मालिक को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान कुलदीप सिंह के रूप में हुई है। वह बेस्ट करियर इमिग्रेशन कंपनी का मालिक बताया जा रहा है। इससे पहले पुलिस ने कुलदीप सिंह समेत चार लोगों पर विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था। अन्य आरोपियों में जसनूर कौर, गुरजोत कौर और अजय शर्मा शामिल है। इस संबंधी पुलिस को नवांशहर निवासी राजविंदर कौर ने शिकायत दी थी। डीएसपी जांच कुलजिंदर सिंह ने कुलदीप सिंह को गिरफ्तार करने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है। राजविंदर कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह अपने रिश्तेदार रजवीर सिंह के साथ कंपनी के दफ्तर में गई थी। उसे दफ्तर में जसनूर कौर और गुरतेज कौर नाम की दो लड़कियां मिली थी और इन्होंने कनाडा भेजने का भरोसा दिया थ। उसके रिश्तेदार राजवीर सिंह और उसने कंपनी प्रबंधकों को कुल 7, 51, 060 रुपये जमा करवा दिए थे। जब उन्होंने दोनों लड़कियों से जल्द ही कनाडा भेजने का भरोसा दिया था। लेकिन पैसे देने के बाद से दोनों ने फोन उठाना बंद कर दिया था। उन्होंने कंपनी के दफ्तर में पहुंचकर अपने पैसे मांगे तो पहले उन्होंने उसके भाई के बैंक खाते से 460000 रुपये जमा करवा दिए थे। जबकि बाकी के पैसे जनवरी में देने थे, लेकिन कंपनी ने बाकी रुपये नहीं दिए थे।