डेराबस्सी। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मोटरसाइकिल चोरी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। मामले की जांच कर रहे एएसआई चमकौर सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि दो लोग काफी समय से मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। एएसआई चमकौर सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ छापा मारकर डेराबस्सी शहर में घूम रहे दो मोटरसाइकिल चोरों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। आरोपी की पहचान बनूड़ के गज्जू खेड़ा निवासी गुरजीत सिंह और डेराबस्सी के हरिपुर कूड़ा निवासी शुभम के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों से अन्य मामलों के बारे में विस्तार से पूछताछ की जा रही है।