मोहाली। पुलिस ने घड़ूआं थाना के अंतर्गत नशा तस्करों के एक गिरोह को गिरफ्तार किया है। इसमें एक महिला भी शामिल है। मोहाली के एसएसपी दीपक पारीक ने बताया कि घड़ूआं थाना अंतर्गत पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों को कोर्ट में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। खरड़ डीएसपी करण सिंह संधू के अनुसार घड़ूआं थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह के नेतृत्व में मोहाली पुलिस की टीम गांव बट्टा में एसवाईएल नहर के पास मौजूद थी।
सूचना मिलने पर पुलिस पार्टी ने चंडीगढ़ रजिस्ट्रेशन नंबर की होंडा सिटी कार को रोका और कार की जांच की। इस दौरान डैशबोर्ड में कुछ सफेद पदार्थ वाला एक पैकेट रखा मिला। जांच करने पर यह हेरोइन था। राजपत्रित अधिकारी की निगरानी में इसका वजन 99.3 ग्राम था। कार में सवार लोगों की पहचान वरिंदर सिंह निवासी खरड़ और राहुल शर्मा निवासी कुराली के रूप में हुई है। एक महिला का नाम अमनदीप कौर है। वह भी कुराली की रहने वाली है। पुलिस ने ड्रग लेन-देन में इस्तेमाल की जा रही तीन गाड़ियां बरामद की है। इसमें चंडीगढ़ में पंजीकृत दो कारें, एक हुंडई वर्ना, एक मारुति स्विफ्ट और पंजाब पंजीकरण नंबर की बाइक भी शामिल है। वाहनों को जब्त कर लिया गया है।