डेराबस्सी। डेराबस्सी पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान तीन नशा तस्करों को 15 किलो भुक्की समेत गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसविंदर सिंह उर्फ रिंकू पुत्र भजन सिंह निवासी गांव दुराली (मोहाली), भूपिंदर सिंह पुत्र अजीत सिंह निवासी गांव रामपुर कलां, जीरकपुर, और रॉकी पुत्र सुशील कुमार, हाल निवासी सेक्टर-21 पंचकूला, हरियाणा के रूप में हुई है।
मामले की जांच कर रहे एएसआई लखविंदर सिंह ने बताया कि वह पुलिस पार्टी के साथ गश्त और चेकिंग के सिलसिले में फोकल प्वाइंट मुबारिकपुर के पास मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस को सामने से पैदल आते तीन व्यक्ति दिखाई दिए, जिनके पास बैग थे। पुलिस पार्टी को देखकर वे घबरा गए और पीछे मुड़कर जाने लगे। पुलिस ने शक के आधार पर उन्हें काबू कर लिया। जब उनके बैग की तलाशी ली गई तो उसमें से 15 किलोग्राम भुक्की चूरा पोस्त बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने तीनों नशा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मुबारकपुर चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर कलवंत सिंह ने बताया के उक्त तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर गहराई से पूछताछ की जाएगी और पूछताछ के दौरान बड़े खुलासे हो सकते हैं।