मार्किंग के साथ घास और लाइटें लगाने का काम जारी, जल्द खिलाड़ियों के लिए शुरू होने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। सेक्टर-78 के स्पोर्ट्स स्टेडियम में खिलाड़ियों को नए सिंथेटिक ट्रैक के लिए अब ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। गमाडा की ओर से तैयार करवाए जा रहे इस ट्रैक का काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है। जल्द ही इसे खिलाड़ियों के लिए शुरू करने की तैयारी है। इन दिनों ट्रैक पर मार्किंग करने, घास लगाने और लाइटें लगाने का काम तेजी से चल रहा है। फिनिशिंग का काम पूरा होने के बाद इसे खिलाड़ियों के लिए खोला जाएगा। स्टेडियम खेल विभाग के अधीन है। सिंथेटिक ट्रैक तैयार करवाने का काम गमाडा कर रहा है। ट्रैक तैयार होने के बाद एथलेटिक्स खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर और आधुनिक सुविधा मिलेगी।
विशेष रूप से दौड़ और ट्रैक एंड फील्ड की तैयारी करने वाले खिलाड़ियों को इसका लाभ होगा। जिला खेल अधिकारी उमेश्वरी शर्मा ने बताया कि ट्रैक का काम अंतिम चरण में है। सभी जरूरी काम पूरे होने के बाद ट्रैक खिलाड़ियों के लिए शुरू होगा। इससे उन्हें नियमित अभ्यास और प्रतियोगिताओं की तैयारी में मदद मिलेगी। खिलाड़ियों के लिए सिंथेटिक ट्रैक की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी।