संवाद न्यूज एजेंसी
खरड़। गुरु तेग बहादुर नगर में आठ दिसंबर को शादी में गए परिवार के घर में सफाई करने आई महिला राखी पर घर में पालतू दो पिटबुल कुत्तों ने हमला कर कई जगह से नोच खाया था। गंभीर हालत में महिला को जीएमसीएच सेक्टर-32 और बाद में पीजीआई में भर्ती करवाया गया। खरड़ सिटी पुलिस ने घायल महिला राखी के पति कल्लू के बयान पर कुत्तों के मालिक प्रकाश सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल कुत्तों का मालिक फरार है। बता दें कि डीसी आशिका जैन ने इस घटना पर संज्ञान लेते हुए नगर परिषद को आदेश दिए हैं कि घर में रखे जाने वाले कुत्तों की रजिस्ट्रेशन करने के साथ इनका टीकाकरण किया जाए। खरड़ नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी सुखदेव सिंह से जब बात की तो उन्होंने डीसी के आदेश का हवाला देते हुए रटा-रटाया जबाव दिया, लेकिन घटना के बाद नगर परिषद का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी घटनास्थल वाले इस घर में नहीं गया और न ही उस घर में मौके का मुआयना किया गया।