पीरमुछल्ला। पिंकसिटी निवासियों ने सोसाइटी में पार्क की जगह पर कब्जा करने का आरोप लगाकर बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन कर जोरदार नारेबाजी की। सोसाइटी के निवासियों ने नगर परिषद जीरकपुर के कार्यकारी अधिकारी को लिखित शिकायत देने के लिए लोगों से सहमति ली। गुरसेवक सिंह, लक्ष्मण सिंह प्रधान पिंक सिटी, शेर सिंह, दिनेश सैनी, ईश्वर सिंह व अन्य ने बताया कि उनकी सोसाइटी के गेट नंबर-2 के आखिर में चारदीवारी के अंदर 610 गज का एक पार्क बिल्डर ने छोड़ा है। इसे बाकायदा नक्शे में दिखाया गया है। यह पार्क नगर परिषद के पास नक्शे में भी मौजूद है। उन्होंने बताया कि इसी पार्क में सोसाइटी निवासियों के लिए पीने के पानी का ट्यूबवेल भी लगा है। लोगों का आरोप है कि अब बिल्डर वहां पार्क की जगह प्लाट काटकर फ्लैट बनाने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने बताया कि यहां पिंक सिटी में कई बिल्डर अलग-अलग प्लाट लेकर काम करते हैं। बिल्डर ने तो यहां कुछ जगह पर कब्जा कर कंस्ट्रक्शन भी शुरू कर दिया है। लोगों का कहना है कि सोसाइटी के पास सिर्फ यही एक ग्रीन एरिया है। उन्होंने कहा कि यदि इसमें भी बिल्डर गैर कानूनी निर्माण कर कब्जा कर लेता है, तो सोसाइटी के पास कोई भी पार्क नहीं बचेगा। उन्होंने कार्यकारी अधिकारी जीरकपुर से इस मामले में संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। इस मौके वहां मौजूद सौरव मलिक, विष्णु शर्मा, तरुण जीत सिंह, जोगिंदर सैनी, रविंद्र सिंह राणा, विनोद चौहान, अभिषेक तलवार, राकेश मनचंदा, गौरव शर्मा, राधेश्याम, गुलशन कुमार गोयल, संदीप और सनी भी उपस्थित थे। जिन्होंने बताया कि सोसाइटी में पिछले वर्ष भी इस बात को लेकर विवाद हुआ था तो उस समय भी लोगों ने शिकायत की थी तो नगर परिषद ने आकर काम बंद करवा दिया था।
कल ही टीम मौके पर भेज दी जाएगी और चेक किया जाएगा। यदि बिल्डर पार्क वाली जगह पर कब्जा कर रहा है तो उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। -परविंदर सिंह भट्टी, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद जीरकपुर