मोहाली। श्री ब्राह्मण सभा मोहाली की ओर से ब्राह्मण एकता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सभा के प्रधान वीके वैद और चेयरमैन रमेश दत्त की देखरेख में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य सदस्य शामिल हुए। समारोह का उद्देश्य समाज में एकता को मजबूत करना तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करना रहा।
कार्यक्रम में पंजाब ब्राह्मण वेलफेयर बोर्ड के चेयरमैन पंकज शारदा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि समाज की प्रगति के लिए आपसी सहयोग, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता बेहद आवश्यक है। उन्होंने ब्राह्मण समाज द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में निभाई जा रही भूमिका की सराहना करते हुए युवाओं को समाज सेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान मोहाली के सीनियर डिप्टी मेयर आरपी शर्मा, पार्षद अरुणा वशिष्ट और सुनीता भारद्वाज सहित शहर के ब्राह्मण समाज से संबंधित उन शख्सियतों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने कार्यों से मोहाली का नाम रोशन किया है। सम्मानित व्यक्तियों को स्मृति चिन्ह और सम्मान पत्र देकर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई।
इस अवसर पर ब्राह्मण भलाई बोर्ड के सदस्य धामी शर्मा, पूर्व पार्षद अशोक झा, नवल किशोर, एडवोकेट संजीव शर्मा, सभा के पूर्व प्रधान एसडी शर्मा, हेमा गोरिला, जसविंदर शर्मा, गोपाल शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन समाज की एकता और विकास के संकल्प के साथ हुआ।