डेराबस्सी। तहसील रोड पर जाम की समस्या हल होने का नाम नहीं ले रही है। इससे रोजाना वाहन चालक परेशान हो रहे हैं। डेराबस्सी तहसील से जीरकपुर सब-तहसील अलग बनाकर नगर काउंसिल जीरकपुर में बदलने के बाद भी समस्या जस की तस है। वहीं दूसरी ओर ट्रैफिक पुलिस की ओर से किए सारे प्रबंध फेल होते साबित दिखाई दे रहे हैं क्योंकि एसडीएम कार्यालय के बाहर वाहन चालक नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े करके नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
बता दें कि बस स्टैंड से पांच ग्रामी सहित दर्जनों गांवों को जाने वाली तहसील रोड यहां की मुख्य सड़क है लेकिन मुख्य तहसील परिसर में वाहनों की पार्किंग के लिए उचित प्रबंध न होने के कारण लोग वाहन इस सड़क के किनारे खड़े कर देते हैं जिस कारण जाम लग जाता है। सुबह, दोपहर व शाम के समय वाहनों की आवाजाही इस सड़क पर काफी बढ़ जाती है और इस कारण समस्या और गंभीर हो जाती है। बता दें, कि तहसील परिसर में ही एसडीएम दफ्तर, सुविधा सेंटर व डेराबस्सी अदालती कांप्लेक्स चल रहा है पर यहां आने वाले वाहनों के हिसाब से यहां पर पार्किंग के उचित प्रबंध नहीं है।
काफी समय से अदालती कांप्लेक्स को यहां से तब्दील करने पर विचार चल रहा है। इसके लिए गांव जवाहरपुर में सहमति बनी है लेकिन यह कार्य अभी अधर में ही लटका है। इस रोड पर जाम की बढ़ती परेशानी को देखकर ट्रैफिक पुलिस ने सड़क के दोनों ओर वाहनों के खड़े होने पर पाबंदी लगा दी थी। इसके लिए सड़क के दोनों ओर ट्रैफिक पुलिस की ओर से तहसील सड़क को नो पार्किंग जोन घोषित करते हुए इसके दोनों ओर वाहन न खड़े करने के लिए चेतावनी बोर्ड लगा दिए थे, लेकिन इन आदेशों के बाद भी वाहन चालक नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
कोट्स
जाम पर काबू पाने के लिए सुबह से शाम तक यहां पर ट्रैफिक पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं लेकिन तहसील में आने वाले वाहनों के अधिक होने सेे परेशानी आ रही है। नो पार्किंग जोन घोषित में वाहन खड़ा करने वालों पर समय-समय पर कार्रवाई की जाती है। पार्किंग के लिए अन्य प्रबंधों की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है। -ट्रैफिक इंचार्ज, शोभा सिंह
जल्द ही अदालत कांप्लेक्स का निर्माण कर लिया जाएगा। इसके बाद इस समस्या से राहत मिलेगी। ट्रैफिक पुलिस को विशेष हिदायत की जाएगी कि वह इस सड़क पर जाम पर काबू पाते हुए यातायात को सही ढंग से चलाएं ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। -एसडीएम डेराबस्सी, शिव कुमार
(फोटो कैप्शन हरजीत 10)
तहसील रोड पर नो पार्किंग जोन घोषित करने के बावजूद खड़े वाहन।