मोहाली। गांव शाहीमाजरा में नगर निगम के कूड़ा निस्तारण प्लांट को हटाने की मांग को लेकर लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। फेज-5 शाही माजरा और औद्योगिक क्षेत्र के निवासियों ने फेज-5 और औद्योगिक क्षेत्र को विभाजित करने वाली सड़क पर बने डंपिंग सेंटर को हटाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस अवसर पर नगर पार्षद जगदीश सिंह जग्गा, पूर्व पार्षद अशोक झा और स्थानीय निवासियों के अध्यक्ष महिंदर सिंह, रूपिंदर सिंह, रणबीर सिंह, राम कुमार, राजू, उषा शाही, अवतार सिंह और अन्य ने कहा कि स्वराज ट्रैक्टर फैक्टरी के पीछे फेज-5 और शाही माजरा क्षेत्र के रिहायशी इलाके के पास बने इस कूड़े के डंप को हटाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कुछ महीने पहले लोगों ने गांव शाही माजरा के पास इस आरएमसी पाॅइंट पर जमा होने वाले कचरे और इससे निकलने वाली दुर्गंध से होने वाले भारी प्रदूषण के खिलाफ कई दिनों तक विरोध प्रदर्शन किया था और उस समय निवासियों को आश्वासन दिया गया था कि तीन महीने के भीतर इस आरएमसी केंद्र को यहां से स्थानांतरित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि तीन महीने बीत जाने के बावजूद, इस आरएमसी केंद्र को बंद करने और इसे किसी नए स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई है और न ही गमाडा ने अभी तक इसके लिए कोई जगह आवंटित की है। उन्होंने कहा कि इससे यह चिंता बढ़ रही है कि मोहाली का एक बड़ा कूड़ा एक बार फिर गांव साही माजरा आरएमसी प्वाइंट पर भेजा जा सकता है। इस अवसर पर मांग की गई कि इस कूड़ा प्रसंस्करण इकाई को आवासीय, संस्थागत और धार्मिक क्षेत्रों से दूर स्थानांतरित किया जाए।