मोहाली। शहर में सोमवार रात हुई बारिश से सेक्टर-70 स्थित कई नामी रिहायशी सोसायटीज के लोग दिक्कत में आ गए हैं। लोगों का आरोप है कि उनके इलाके में एक नामी कंपनी की ओर से बिल्डिंग बनाई जा रही है। उसकी वजह से वहां से गुजरने वाली सड़क बंद है। इस वजह से पानी निकासी पूरी तरह ठप हो गई। लोग इस समस्या से निजात पाने के लिए दो साल से संघर्ष कर रहे हैं। लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। इलाके के पार्षद सुखदेव सिंह पटवारी ने कहा कि करीब एक महिला पहले भी उनकी तरफ से नगर निगम की टीम को उक्त इलाके का मौका दिखाया गया था। साथ ही अपील की थी कि उक्त इलाके की समस्या को दूर किया जाए। लेकिन इसके बाद भी सुध नही ली। जबकि मंगलवार सुबह ही जेसीबी भेज दी। अब उन्हें समस्या की याद आई। इस मौके पर लोगों ने बताया कि उन्होंने लाखों रुपये खर्च कर घर बनाए थे। लेकिन घर तक आने के लिए सीधी सड़क तक नहीं है। वह मेन रोड पर गाड़ियां खड़ी करते हैं। इसी तरह कुंभड़ा लाइट प्वाइंट पर भी सड़क धंस गई है, यहा पर ट्रैफिक लाइट के पोल तक गिरने की स्थिति में आ गए हैं। कभी भी हादसा हो सकता है। इसके अलावा नई सीवरेज लाइन डालने के लिए खोदी गई सड़क में पानी भर गया है।