मोहाली। आखिरकार औद्योगिक क्षेत्र की खस्ताहाल सड़कों से लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। सोमवार को नगर निगम ने औद्योगिक क्षेत्र और सेक्टर-71 की सड़कों पर प्रीमिक्स डालने का काम शुरू करवाया।
इस काम पर 1.80 करोड़ रुपये खर्च होंगेे। मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने काम शुभारंभ किया। इस मौके सीनियर डिप्टी मेयर अमरीक सिंह सोमल व डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी ने भी शिरकत की।
जानकारी के मुताबिक औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों पर 1.38 करोड़ रुपये व सेक्टर-71 के काम पर 42 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। यह सारा काम एक तय समय अवधि में किया जाएगा। वहीं, प्रीमिक्स डालने वाली कंपनी को भी कहा गया है कि काम की गुणवत्ता के साथ समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मेयर ने निगम अधिकारियों को साफ किया है कि जहां भी निगम द्वारा काम करवाए जा रहे हैं, उनका रोजाना जायजा लिया जाए, साथ ही देखा जाए कि जिन शर्तों पर कंपनियों को काम दिया गया था कंपनियां उन मानकों पर काम कर रही है या नहीं।
अगर कहीं गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है तो इसे तुरंत उच्चाधिकारियों के ध्यान में लाया जाए। इसके साथ ही कंपनियों को नोटिस दिए जाएं, ताकि जनता के पैसे की बर्बादी न हो।
मिलकर काम करने से ही विकास संभव
मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने इलाके के लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास शहर को लेकर कोई सुझाव है तो वह उन्हें बता सकते हैं। क्योंकि जब मिलकर काम करेंगे तभी शहर का विकास संभव है। इस मौके सीनियर डिप्टी मेयर ने मेयर का धन्यवाद किया गया। उन्होंने कहा कि सेक्टर-71 की मार्केट में प्रीमिक्स डालने की काफी जरूरत थी। मार्केट की हालत काफी खराब हो चुकी थी। यहां पर पड़े गड्ढों की वजह से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। इस मौके पर एक्सईएन राजवीर सिंह, एसडीओ संदीप सैनी, पार्षद रविंदर सिंह, सेक्टर-57 के गुरसाहिब सिंह, सेक्टर-71 प्रदीप सोनी, अमरीक सिंह, सरपंच बलजिंदर सिंह, मखन सिंह, सौदागर खान व सेक्टर-71 मार्केट एसोसिएशन के सदस्य हाजिर रहे।