डीसी आशिका जैन बोलीं- जनता के काम में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। डीसी आशिका जैन ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को 31 मई तक लंबित सभी मामलों को 31 मई तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं। सरकार की रजिस्ट्री में स्टांप ड्यूटी पर छूट के कारण इन मामलों की संख्या बढ़ गई थी। इसको देखते हुए डीसी मोहाली ने बुधवार को अधिकारियों को ऐसे निर्देश जारी किए हैं। साथ ही उन्होंने जनता के काम को तुरंत निपटाने के भी निर्देश दिए हैं।
इस बैठक में डीसी मोहाली आशिका जैन ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को कहा कि अगर कोई भी कर्मचारी या अधिकारी लोगों के काम में देरी करता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। जमाबंदी, निशानदेही, तक्सीम, राजस्व न्यायालय में लंबित प्रकरणों का जल्दी से निस्तारण किया जाए। काम तय समय में ही पूरा हो जाना चाहिए। अधिकारियों को पटवारियों के रिकॉर्ड की समय-समय पर जांच की जानी चाहिए। लोगों को ज्यादा से ज्यादा ऑनलाइन सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए ताकि लोगों को आसानी रहे। इस मौके पर एसडीएम मोहाली सरबजीत कौर, एसडीएम खरड़ रविंदर सिंह, एसडीएम डेराबस्सी हिमांशु गुप्ता, जिला राजस्व अधिकारी सहित अन्य कर्मचारी और अधिकारी मौजूद रहे।