फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mohali News: जिला कांप्लेक्स में लोग हुए परेशान, नहीँ हुए काम

विज्ञापन
विज्ञापन
मोहाली। अगर आप किसी काम से सेक्टर-76 स्थित जिला कांप्लेक्स या जिले की सब-डिवीजनों खरड़, डेराबस्सी या जीरकपुर में पड़ते किसी कार्यालय में किसी भी काम से जा रहे हैं तो जान लें कि आपके काम 16 जनवरी तक नहीं होंगे। दरअसल पीसीएस अधिकारियों पर विजिलेंस की कार्रवाई के विरोध में सभी अधिकारियों-कर्मचारियों ने 13 जनवरी तक सामूहिक अवकाश ले लिया है। इसके बाद 14 जनवरी को मकर संक्रांति की छुट्टी है और 15 को रविवार की होने के कारण अब सोमवार को जाकर ही पता चल पाएगा कि आगे स्टाफ काम करेगा या फिर छुट्टी आगे बढ़ाएगा। अब पीसीएस अधिकारियों के समर्थन में पंजाब रेवेन्यू एसोसिएशन समेत कई यूनियनें भी उतर आई हैं।
विज्ञापन

जिला कांप्लेक्स समेत जिले की सभी सब-डिवीजनों में मंगलवार को भी काम प्रभावित रहे। जिले में कहीं पर किसी प्रॉपर्टी की कोई रजिस्ट्री नहीं हुई। रजिस्ट्री के लिए जिन लोगों ने अप्वाइंटमेंट ले रखी थी। उन्हें बिना काम के ही लौटना पड़ा। रजिस्ट्री कराने आए लोगों ने कहा कि अगर दफ्तर एकाएक बंद करने थे तो इस बारे में जनता को सूचित करना चाहिए था।
इस संबंधी डीसी ऑफिस कर्मचारी यूनियन का कहना है कि लुधियाना में आरटीए नरिंदर सिंह धालीवाल और तहसील जीरकपुर में तैनात रजिस्ट्री क्लर्क के खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए गए हैं। विजिलेंस सरेआम धक्केशाही कर रही है। यूनियन के प्रधान गुरनाम सिंह विर्क ने कहा कि क्लेरिकल स्टाफ भी पीसीएस अधिकारी एसोसिएशन का पूरा समर्थन करते हैं। सरकार को 13 जनवरी तक तुरंत झूठे मुकदमे वापस लेने का अल्टीमेटम देने के साथ ही विजिलेंस के दोषी अफसरों पर कार्रवाई करनी होगी। अगर सरकार ने कोई फैसला नहीं लिया तो अगली रणनीति बनाई जाएगी।
विज्ञापन

ठेका कर्मचारियों को निकालने का किया विरोध
डीसी ऑफिस कर्मचारी एसोसिएशन ने बरनाला में आउटसोर्स पर काम करने वाले ठेका कर्मचारियों को निकालने का भी विरोध किया है। डीसी दफ्तर कर्मचारी यूनियन ने कहा कि सरकार अपने वायदे से मुकर रही है। सत्ता में आने से पहले आम आदमी पार्टी ने वायदा किया था कि आउटसोर्स पर काम कर रहे कर्मचारियों के लिए भी सरकार पॉलिसी बनाकर विभाग में लेगी, लेकिन अब उन्हें निकाला जा रहा है।
अधिकारियों की सामूहिक छुट्टी गलत
सरकारी कर्मचारियों का एकाएक ऐसे सामूहिक छुट्टी पर जाना गलत है। मैं यहां पर टैक्सी का चालान भुगतने आया था, लेकिन यहां पर कोई अधिकारी नहीं मिला है। इस कारण काफी परेशानी हुई है। -ध्रुव यादव, स्थानीय निवासी
लोगों को परेशान करना गलत
अधिकारियों को सरकार से कोई शिकायत है तो उन्हें किसी और तरीके से अपनी मांगें सरकार तक पहुंचानी चाहिए। ऐसा करके लोगों को परेशान करने का फैसला गलत है। -गगन शर्मा, स्थानीय निवासी
लोगों का समय हो रहा बर्बाद
लोगों के कागजात लेकर उनका काम करना चाहिए। लोग काम से पहुंचते हैं तो अफसर नहीं मिलने के कारण उनके काम नहीं हो पाते। इस तरह यहां आकर उनका समय बर्बाद हो रहा है। - कुलदीप सिंह
कर्मचारी बैठे हैं पर नहीं हो रहे काम
पीसीएस अधिकारी सामूहिक अवकाश पर हैं और कर्मचारी बैठे हुए हैं। लेकिन काम नहीं हो रहे हैं। हमारी मांग है कि कर्मचारियों को सरकार से दिक्कत है तो वह और तरीके से विरोध जताएं। -एसबी शर्मा
-------------
डेराबस्सी और जीरकपुर में भी दो दिन से काम ठप, बढ़ी लोगों की दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
डेराबस्सी/जीरकपुर। हाल ही में विजिलेंस की ओर से पंजाब में कार्यरत आईएएस और पीसीएस अधिकारियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे पंजाब में आईएएस और पीसीएस अधिकारी सामूहिक छुट्टी लेकर हड़ताल पर चले गए। उनके समर्थन में डेराबस्सी और जीरकपुर तहसील के एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार भी सामूहिक छुट्टी पर चले गए हैं। इससे एसडीएम और तहसील कार्यालय में सरकारी कामकाज ठप हो गया है। तहसील में राजस्व विभाग से जुड़े बहुत से काम होते हैं। लेकिन अधिकारियों-कर्मचारियों के सामूहिक अवकाश के कारण सब ठप पड़ गए हैं। इस कारण जो लोग तहसील में काम से आए थे उन्हें बिना काम करवाए ही वापस जाना पड़ा।
मंगलवार को अपने काम से तहसील में पहुंचे लोगों ने पंजाब सरकार की कार्यप्रणाली के खिलाफ रोष प्रकट करते हुए कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण सरकारी दफ्तरों में कामकाज प्रभावित हो रहा है। लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। जिससे पंजाब के लोगों को बदलाव लाने की कीमत चुकानी पड़ रही है। पंजाब सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और सरकारी दफ्तरों में हड़ताल के कारण लोगों को काम करने में दिक्कत हो रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें