संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। पीरमुछल्ला क्षेत्र की सोसायटियों में शनिवार को सुबह करीब आठ बजे पंचकूला की ओर से बहता हुआ पानी भरना शुरू हुआ हो गया तो लोग परेशान हो उठे। क्योंकि पिछले दो दिन से बरसात नहीं हुई थी, फिर भी उनकी सोसायटी में पानी भर गया। जैसे ही लोगों ने पानी भरने की वजह का पता लगाना शुरू किया तो पता चला कि यह पानी पंचकूला सेक्टर-20 और 21 की ओर से छोड़ा गया है। इससे गुस्साए लोगों ने साढ़े 12 बजे पंचकूला और पीरमुछल्ला बैरियर जाम कर दिया और पंजाब और हरियाणा सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
पंचकूला पुलिस ने मौके पर पहुंचे आधे घंटे की मशक्कत के बाद समझा बुझाकर जाम को पंजाब के एरिया में करवा दिया। जहां स्थानीय लोगों ने करीब पांच घंटे सड़क को जाम रखा लेकिन किसी भी प्रशासनिक अधिकारी ने उनकी सुनवाई नही की। शाम करीब साढ़े चार बजे नायब तहसीलदार जीरकपुर वहां पहुंचे और जेसीबी की मदद से पानी की लीकेज को बंद करवाया लेकिन स्थानीय लोग अभी भी अपनी बात पर अड़े हुए हैं और हरियाणा के किसी अधिकारी के आश्वासन का इंतजार कर रहे हैं के भविष्य में हरियाणा द्वारा ऐसा न किया जाए। खबर लिखें जाने तक पंचकूला से पीरमुछल्ला जाने वाले सड़क लोगों ने जाम ही रखी हुई थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि 10 जुलाई से हो रही बरसात के बाद यहां बाढ़ जैसे हालात हैं। सोसाइटियों में पानी भरने से दो दिन पहले एक युवक की मौत भी हो गई थी। बाढ़ का पानी पहले ही बड़ी मुश्किल से सूखा है और अब यह नई मुसीबत उनके ऊपर थोप दी गई है। लोगों ने कहा कि पार्षद पुनिया के अलावा कोई भी प्रशासनिक अधिकारी उनकी समस्या नही सुन रहा। इससे गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दी है। हालांकि पंचकूला जाने के लिए एक दूसरा रास्ता खुला हुआ है ताकि लोगो द्वारा उसका इस्तेमाल किया जा सके। लोगों ने कहा कि यदि उनकी सुनवाई न हुई तो वह यहां पक्का धरना लगा देंगे।
बॉक्स
खुले पड़े मैदान में अभी भरा हुआ है पानी, निकासी का नही कोई प्रबंध
पंचकूला सेक्टर 20 से पीरमुछल्ला का जाने वाले 200 फुट रोड के दोनों तरफ पंजाब के करीब 50 एकड़ पंचायती जमीन पड़ी है। इसमें 8 से 10 फुट गहरे गड्ढे हैं। इनमें पानी भरने से यह पूरी जमीन एक बड़ी झील बन गई है। यह हिस्सा डाउन होने के कारण पंचकूला की तरफ से छोड़ा गया पानी यहां काफी मात्रा में भर गया है। इसके एक साइड का बांध टूटकर पानी सोसाइटियों में घुस गया है। इस कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।
जंगल से लोगों के घरों में घुसे बड़े-बड़े सांप, करीब 15 फुट लंबा अजगर भी दिखा
पीरमुछल्ला क्षेत्र में दर्जनों सोसाइटियां ऐसी है जिनमें पानी भर गया है। लोगों ने अपनी सोसाइटियों के गेट के आगे बांध बना दिए हैं ताकि पानी उनकी सोसाइटी में न घुसे। इसके बावजूद पानी सोसाइटीयों में घुसने के लिए कोई न कोई रास्ता बना ही लेता है। यहां मौजूद प्रकाश टावर के लोगों ने तो गेट पर करीब तीन से चार फुट लंबी दीवार कर पक्का ही बंद कर दिया है। इसी लाइन में तीन से चार सोसाइटियों ऐसी हैं जिनके मुख्य द्वार बांध लगाकर बंद कर दिए गए है। इसके अलावा पानी में बहकर आए कई सांप लोगों के घरों में घुस गए हैं। इससे लोग बहुत बुरी तरफ सहमे हुए हैं। वहीं एक जगह तो करीब 15 फुट का अजगर भी देखा गया।
हमने जैसे ही शिकायत मिली तो हम मौके पर पहुंचे। जेसीबी की मदद से पहले जहां से बांध टूटा था, उसे मिट्टी डालकर ठीक करवाया गया और उसकी बाद जेसीबी के साथ एक नई ड्रेन खोदकर पानी की निकासी की जा रही है। -जसकरन सिंह बराड़, नायब तहसीलदार जीरकपुर