चंडीगढ़। सेक्टर-32डी में पालतू कुत्ते द्वारा दो वर्षीय बच्चे को काटने के मामले में सेक्टर-34 थाना पुलिस ने अमेरिकन बुली डॉग के मालिक के खिलाफ आईपीसी की धारा 289 के तहत केस दर्ज कर उसे सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बाद में उसे जमानत पर छोड़ दिया गया।बता दें कि बीते शनिवार शाम लगभग 7:30 बजे सेक्टर-32डी में रहने वाली जसमीत कौर अपनी सहेली को घर के पास में ही पीजी का कमरा दिखाने के लिए एक कोठी में पहुंची थीं। उनके साथ उनका करीब दो वर्षीय बच्चा भी था। इसी दौरान कोठी की पहली मंजिल पर अमेरिकन बुली डॉग ने बच्चे पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया था। बच्चे को सेक्टर-32 के सरकारी अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसका इलाज किया गया। बच्चे की मां का कहना है किघटना के बाद से बच्चा बुरी तरह घबराया हुआ है। उन्होंने कहा कि अच्छा हुआ कि वह अपनी आठ वर्षीय बेटी को साथ नहीं ले गई थीं, वरना उस पर भी यह कुत्ता हमला कर देता। महिला का दावा है कि हमला करने वाला कुत्ता अमेरिकन बुली है। हालांकि शुरुआत में पीड़ित परिवार ने पिटबुल बताया था। बता दें कि पिटबुल और अमेरिकन बुली देखने में लगभग एक जैसे लगते हैं।