नयागांव। न्यू चंडीगढ़ मुल्लांपुर के नजदीक गांव पल्हेड़ी के पास पीआर-7 रोड पर ओवरस्पीड के कारण कार और ट्रक में हुई टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। सड़क हादसा इतना जबरदस्त था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हुई है।
वहीं, कार की हालत बता रही है कि वह ओवरस्पीड में थी। जिन दो लोगो की मौत हुई है उनके शव खरड़ सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिए गए हैं। अभी इन दोनों की पहचान नहीं हो पाई है। जो गंभीर रूप से घायल है उसको फेज-6 के सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया है। वह अभी कुछ बताने की हालत में नहीं है। दोनों मृतकों और गंभीर घायल की अभी पहचान नहीं हुई है।
मुल्लांपुर गरीबदास पुलिस स्टेशन के एसएचओ सतिंदर सिंह ने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि यूपी की कार नंबर- यूपी 15डीक्यू 0039 टाटा अल्ट्रोस की टक्कर ट्रक के साथ ओवर स्पीड के कारण हुई है। इसमें तीन लोग सवार थे। यह हादसा कैसे हुआ इसका भी सही से अभी पता नहीं चल पाया है।