मोहाली। ब्लैक स्पॉट के कारण जिले में बढ़ रहे सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला सड़क सुरक्षा समिति की सोमवार को डीसी कोमल मित्तल की अगुवाई में हुई मीटिंग में सभी संबंधित एजेंसियों को सड़क पर चिह्नित ब्लैक स्पॉट को प्राथमिकता के आधार पर तुरंत ठीक करने के आदेश दिए गए, ताकि दुर्घटनाओं से बचाव सुनिश्चित हो सके और यातायात सुचारू रूप से चले। डीसी ने गमाडा, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी और एनएचएआई सहित सभी विभागों को अगली बैठक से पहले इन पर की गई कार्रवाई रिपोर्ट सौंपने को भी कहा है। मीटिंग के दौरान डीसी ने यातायात के नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करने के साथ साथ आरटीओ, पुलिस और जिला बाल संरक्षण अधिकारी को नियमित रूप से जांच करने और कानून के अनुसार कार्रवाई करने को कहा। इसके अलावा स्कूल बसों के संचालन को सेफ स्कूल वाहन नीति के अनुरूप सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
दो माह में काटे 1,352 चालान
मीटिंग के दौरान आरटीओ राजपाल सिंह सेखों ने डीसी को बताया कि जिला परिवहन विभाग की तरफ से लगातार कार्रवाई की जा रही है। दिन के अलावा रात को भी नाके लगाकर हैवी वाहनों की चेकिंग कर नियम तोड़ने वालों के चालान भी काटे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि दो माह अप्रैल और मई माह में विभाग की तरफ से कुल 1,352 चालान काटे गए। उनकी राशि 59,87,600 रुपये बनती है।
हादसे की सूचना ई-डीएआर पर तुरंत दर्ज करने के निर्देश
जिला सड़क सुरक्षा समिति की मीटिंग के दौरान डीसी ने दुर्घटनाओं की सूचना ई-डीएआर (इलेक्ट्रॉनिक विस्तृत दुर्घटना रिपोर्ट) पोर्टल पर तत्काल दर्ज करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रणाली से दुर्घटनाओं की रिपोर्टिंग आसान होती है। मुआवजा शीघ्र मिलता है। पुलिस और अस्पतालों को निर्देश दिए गए कि वे बिना विलंब के डेटा अपलोड करें। साथ ही गुड समेरिटन योजना के तहत जनता से अपील की कि वे सड़क दुर्घटना पीड़ितों की मदद करें, क्योंकि इस योजना के अंतर्गत उन्हें कानूनी सुरक्षा और सम्मान दोनों प्राप्त होते हैं।