कुराली। गांव सलेमपुर में दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के तहत बिजली के अलग से खंभे लगाने का गांववासियों ने विरोध किया। बिजली विभाग के कर्मचारियों को बिना खंभे लगाए ही सारे सामान के साथ यहां से लौटना पड़ा।
गांववासी जसपाल सिंह सलेमपुर, भूपिन्द्र सिंह, अवतार सिंह, गुरमेल सिंह, परमिन्द्र सिंह, बलवीर सिंह, सतनाम सिंह ने बताया कि सरकार की ओर से गांवों में अलग से खंभे लगाकर कंडी क्षेत्र में 24 घंटे मोटरों की बिजली सप्लाई को कम करके केवल 8 घंटे की सप्लाई तक सीमित कर दिया जाएगा। उन्होंने इस स्कीम का डटकर विरोध करने और जरूरत पड़ने पर संघर्ष की घोषणा की।
क्या कहते हैं अधिकारी
योजना के तहत बिजली सप्लाई में सुधार के लिए नई लाइनें डाली जा रही हैं। इन लाइनों से बिजली सप्लाई में कोई कटौती नहीं होगी। क्षेत्रवासी काम में सहयोग करें।
-एनएस रंगी, एडिशनल निगरान इंजीनियर पावरकॉम