मोहाली/लालड़ू। बरेली से एंबुलेंस में लाए जा रहे मरीज की आड़ में अफीम की सप्लाई कर रहे तीन आरोपियों ने पुलिस की छानबीन में कई सनसनीखेज खुलासे किए हैं। पुलिस की शुरूआती जांच में पता चला है कि जिस एंबुलेंस में आरोपी अफीम की खेप सप्लाई कर रहे थे दरअसल वह एंबुलेंस चंडीगढ़ के एक नामी स्वास्थ्य संस्थान के एक व्यक्ति से खरीदी गई थी। हालांकि, इसकी पुष्टि के लिए सीआईए स्टाफ आरोपियों से पूछताछ करने के लिए संस्थान में छानबीन में जुट गया है।
सीआईए स्टाफ मोहाली ने सोमवार को तीनों आरोपियों में रामदरबार निवासी रवि श्रीवास्तव 28, नयागांव निवासी हरिंदर शर्मा 47 और खुड्डा अलीशेर चंडीगढ़ निवासी अंकुर 27 साल, को जिला अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें 5 दिनों के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। सीआईए स्टाफ ने अदालत से आरोपियों के दस दिनों के रिमांड की मांग की थी। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया वे पहले भी आरोपी 12 बार पहले भी नशीले पदार्थों की तस्करी एंबुलेंस में लाकर मोहाली और नजदीकी एरिया में कर चुके हैं।
पुलिस आरोपियों से जानना चाहती है कि आखिर वे कब से एंबुलेंस में मादक पदार्थों की ढुलाई करते आ रहे हैं। क्या आरोपियों के पास एक से अधिक एंबुलेंस तो नहीं हैं। मोहाली समेत जिले में वे किस व्यक्ति को ये खेप सौंपने के लिए ला रहे थे।
दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश के बरेली में वे कहां से यह खेप लेकर मोहाली आ रहे थे। पुलिस मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस के बाद डिटेक्टिव स्टाफ डीएसपी गुरशेर सिंह संधू ने सवाल पूछने पर बताया कि ये एंबुलेंस चोरी की नहीं बल्कि पीजीआई के एक व्यक्ति से खरीदी थी। इस बारे में पुष्टि करने के लिए पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
कोट्स :::
एंबुलेंस में अफीम की सप्लाई करने वाले तीन आरोपियों का अदालत से पांच दिनों का पुलिस रिमांड लेकर पूछताछ की जा रही है। सीआईए स्टाफ इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रहा है।
-आकाश शर्मा, प्रभारी, लालड़ू पुलिस थाना, जिला मोहाली।