जीरकपुर। शिवालिक विहार में गली के बीचोंबीच एक गहरा गड्ढा स्थानीय निवासियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। यह गड्ढा कुछ दिन पहले बिजली का खंभा लगाने के लिए खोदा गया था लेकिन काम पूरा होने के बाद भी इसे खुला छोड़ दिया गया है। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है और रात में हादसे का डर बना रहता है। खोदाई के दौरान पानी की पाइप लाइन टूट गई थी, जिससे आसपास की गली में पानी भर गया था। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने उसी दिन पाइप को ठीक करवा दिया था। हालांकि, गड्ढे को खुला ही छोड़ दिया गया, जिससे अब यह मुसीबत बन गया है। स्थानीय निवासी संजीव कुमार ने बताया कि गड्ढा उनके घर के ठीक सामने है। इसके कारण उन्हें और उनके परिवार को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने विभाग से जल्द-से-जल्द गड्ढे को बंद करवाने की मांग की है। बिजली विभाग के जेई निर्मल सिंह ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यहां बिजली का खंभा लगाने के लिए गड्ढा खोदा गया था। खोदाई के दौरान अचानक पानी की पाइप टूट गई थी, जिसे तुरंत ठीक करवा दिया गया था। उन्होंने आगे बताया कि दिवाली की छुट्टियां होने के कारण खंभा नहीं लगाया जा सका। निर्मल सिंह ने आश्वासन दिया कि अब जल्द ही खंभा लगाकर गड्ढे को बंद करवा दिया जाएगा।