जीरकपुर। गांव दयालपुरा के लोगों को सेहत सुविधाओं के लिए महंगे जिमों में पैसे वहन नहीं करने पड़ेंगे, बल्कि वह गांव के पार्क के अंदर ओपन एयर जिम में कसरत कर सकेंगे। यह जानकारी नगर परिषद प्रधान उदयवीर सिंह ढिल्लों ने दी।
उन्होंने बताया कि गांव दयालपुरा के सरकारी पार्क के अंदर ओपन एयर जिम लगाया जाएगा। इसे लेकर अधिकारियों की टीम की तरफ से सर्वे किया जा चुका है। बस इंतजार केवल हाउस की होने वाली बैठक में प्रदान होने वाली मंजूरी का है। ओपन एयर जिम को लेकर 7 लाख रुपये के फंड को मंजूरी दी गई है, जिसके अंदर जिम की फाउंडेशन को पार्क में लगाया जाएगा। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि एक समय के दौरान 9 से 11 व्यक्ति ओपन एयर जिम की मदद से कसरत कर पाएंगे।
लंबे समय से लोग कर रहे थे मांग
ओपन एयर जिम की मांग गांव दयालपुरा के स्थानीय लोग लंबे समय से कर रहे थे, क्योंकि महंगे जिमों की फीस गांव के युवा वहन नहीं कर सकते। वहीं, महंगे जिम गांव से 2 से 3 किलोमीटर की दूरी पर हैं, जिनमें आवाजाही को लेकर समय के साथ आर्थिक परेशानी भी झेलनी पड़ती है। दूसरी ओर, गांववासियों की ओर से नगर परिषद को मांगपत्र देकर प्रोजेक्ट लगाने की मांग की थी जो अब पूरी हुई है।
कोट्स..
वार्ड-26 के पार्षद की मांग पर गांव दयालपुरा के पार्क के लिए ओपन एयर जिम के प्रोजेक्ट लगाने का प्रस्ताव बनाया गया है। इसे सोमवार को होने वाली हाउस की बैठक में पेश किया जाएगा। करीब 7 लाख रुपये की लागत से पार्क के अंदर फाउंडेशन लगाई जाएगी।
-उदयवीर ढिल्लों, प्रधान, जीरकपुर नगर परिषद