जीरकपुर। रविवार की रात करीब साढ़े तीन बजे के-एरिया लाइट प्वाइंट के नजदीक दो महिलाओं समेत एक व्यक्ति चाकू की नोक पर एक युवक से ढाई लाख रुपये का मोटरसाइकिल छीनकर फरार हो गए। लुटेरों ने पहले अपनी कार से मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर उसे नीचे गिरा दिया और फिर चाकू (बड़ा छुरा) दिखाकर उसे भगा दिया। इसके बाद कार चालक युवक ने बाइक उठाई और लेकर फरार हो गया और उसकी साथी दो महिलाएं कार चलाकर जीरकपुर की तरफ फरार हो गई। इसकी शिकायत पर पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है। इस मामले में पीड़ित शमशाद ऊर्फ सैम (25) निवासी सन्नी एनक्लेव नजदीक बिग बाजार ने बताया कि वह सिक्किम का रहने वाला है और काम के सिलसिले में पांच साल से यहीं रह रहा है। रात करीब ढाई बजे उसके पेट में पत्थरी का दर्द हुआ तो वह निजी अस्पताल में इंजेक्शन लगवाने चला गया। जब वापस आया तो करीब तीन बजे के-एरिया लाइट प्वाइंट पर उसके साथ यह वारदात हुई। अंधेरे में वह कार का पूरा नंबर नोट नहीं कर पाया, लेकिन उस पर पीबी-27 पढ़ लिया था। इसके बाद उसने ढकोली थाने में जाकर शिकायत दी। बता दें कि ढकोली के के-एरिया का सीसीटीवी कैमरा ठप पड़ा है।