अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर गांव आलमगीर के कट के पास बुधवार सुबह हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
लालड़ू। अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर बुधवार तड़के एक तेल टैंकर और सवारियों से भरी डबल डेकर बस की टक्कर हो गई। इस हादसे में बस से सड़क पर गिरे एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। बस चालक और परिचालक समेत छह लोग घायल हुए हैं। यह घटना गांव आलमगीर के कट के पास हुई। मृतक की उम्र करीब 50 वर्ष से अधिक बताई जा रही है, जिसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। करीब 35 सवारियों से भरी निजी डबल डेकर बस मंगलवार रात पौने दस बजे शिमला से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। बुधवार तड़के करीब साढ़े चार बजे बस लालड़ू पार कर आलमगीर कट के पास पहुंची। वहां एक तेल टैंकर गलत दिशा से मोड़ ले रहा था, जिससे बस की टैंकर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के ऊपरी डेक में सो रहा यात्री शीशा टूटने से सड़क पर जा गिरा। हादसे में घायल हुए कई लोगों को डेराबस्सी सिविल अस्पताल में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। मृतक के शव को डेराबस्सी सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। थाना प्रभारी आकाशदीप शर्मा ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए बस मालिकों से संपर्क किया जा रहा है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।