खरड़। पंजाब सरकार की ओर से स्थानीय निकाय विभाग में शुरू किए गए ई-नक्शा पोर्टल पर वीरवार दोपहर अपलोड हुई कुछ आपत्तिजनक वीडियो ने विभाग में तहलका मचा दिया है। वीरवार को दोपहर के समय जब कुछ आर्किटेक्ट ने अपने पास होने के लिए डाले नक्शे चेक करने के लिए विभाग के पोर्टल को ऑन किया तो स्क्रीन के ऊपर नक्शे वालों की सारणी के नीचे कई आपत्तिजनक फोटो और क्लिप थे। यह देख सभी एक-दूसरे को फोन करके इस बारे में बताने और पूछने लगे।
वरिष्ठ अफसरों तक भी यह बात पहुंच गई जिसके बाद कुछ देर के लिए ई-नक्शे की साइट बंद कर दी गई। जब पत्रकारों ने विभाग के अफसरों से बात की तो सभी अफसर खुद को बचाते नजर आए। इसके बाद शुक्रवार को जब फिर इस पोर्टल को खोला तो यह सब कुछ नहीं था।
परिषद के कार्यकारी अधिकारी मनवीर सिंह गिल ने कहा कि इस बारे में कुछ अफसरों से पता लगा है परंतु यह विभाग के उच्च स्तर का मामला है। वह कुछ नहीं कह सकते हैं। वहीं परिषद के ही बिल्डिंग इंस्पेक्टर परमजीत सिंह ने कहा कि उन्हें इस सारे मामले के बारे में एक आर्किटेक्ट ने फोन करके बताया था जिसके बाद उन्होंने तुरंत साइट खोली थी परंतु उसमें कुछ भी दिखाई नहीं दिया।
कोट
इस मामले में पोर्टल पर काम करने वाली कंपनी से रिपोर्ट मांगी है। कई बार कोई आदमी इस प्रकार के वीडियो देखता है तो उसके साथ की ऐसे वीडियो के विज्ञापन आने लग जाते हैं। इस मामले में जो पहली जांच की गई है, उसमें इस प्रकार किसी व्यक्ति द्वारा विज्ञापन देखने की बात सामने आ रही है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। -पुनीत गोयल, आईएएस, डायरेक्टर स्थानीय निकाय विभाग