मोहाली। एनएसक्यूएफ (व्यावसायिक) शिक्षकों ने शुक्रवार को पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के बाहर प्रदर्शन किया। वे शिक्षा विभाग में विलय और स्थायी नीति लागू करने की मांग कर रहे थे। शिक्षकों ने कहा कि सरकार ने उनकी मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं लिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो 15 अगस्त को कैबिनेट मंत्रियों का विरोध किया जाएगा।
करीब 3670 एनएसक्यूएफ व्यावसायिक शिक्षक निजी कंपनियों के माध्यम से आउटसोर्स आधार पर कार्य कर रहे हैं। शिक्षकों का आरोप है कि पिछले 12 वर्षों से उनका शोषण हो रहा है। एनएसक्यूएफ वोकेशनल टीचर्स फ्रंट, पंजाब ने आउटसोर्स व्यवस्था समाप्त करने की मांग की। उन्होंने सभी शिक्षकों को सीधे शिक्षा विभाग में मर्ज करने को कहा। साथ ही, रोजगार सुरक्षा और समान सुविधाएं सुनिश्चित करने की भी मांग की।