पंजाब स्कूल टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट के लिए इंस्टॉल की जाएंगी मशीनें
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। पंजाब स्कूल टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट में अबउम्मीदवारों की बायोमीट्रिक जांच होगी। बोर्ड परीक्षा हाईटेक होने जा रही हैं, जिसमें उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र में जाने के लिए बायोमीट्रिक जांच करवानी होगी। इस जांच के बाद उम्मीदवारों को परीक्षा देने के लिए अंदर भेजा जाएगा। परीक्षा केंद्रों में भी बायोमीट्रिक मशीन को इंस्टॉल किया जाएगा जिसकी जांच के बाद ही उम्मीदवारों को परीक्षा देने की अनुमति मिलेगी।
पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड ने पीएस टेट एग्जाम में पारदर्शिता के लिए अब सेंटरों में उम्मीदवारों की बायोमीट्रिक जांच के बाद ही उन्हें सेंटर में एग्जाम देने के लिए अनुमति दी जाएगी। ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि पहले बायोमीट्रिक जांच न होने के कारण कई बार उम्मीदवार के नाम पर कोई दूसरा व्यक्ति बैठकर उसका पेपर दे देता था। पीएसए टेट का पेपर हर वर्ष होता है जिसमें इस प्रकार के मामले सामने आते रहते हैं। इस वर्ष भी इसका आयोजन होने जा रहा है। पीएसईबी इस प्रकार के मामले सामने न आएं इसलिए ही बायोमीट्रिक आथेंटिकेशन को अनिवार्य किया गया है।
इस तरह होगी उम्मीदवारों पुष्टि
उम्मीदवारों की बायोमीट्रिक जानकारी एग्जाम फार्म भरते वक्त ही जमा की गई है। अब वह जब भी पेपर देने अपने सेंटर जाएगा तो उसकी जमा की गई डिटेल से ही पता लगाया जाएगा कि वह असली उम्मीदवार है या कोई दूसरा व्यक्ति है। बायोमीट्रिक में उम्मीदवारों के अगूंठे या अंगुली के निशान, आंखों का आकार आदि जांच कर पता लगाया जा सकेगा कि वह व्यक्ति उम्मीदवार है या उम्मीदवार के नाम पर कोई दूसरा व्यक्ति एग्जाम देने आया है।
जांच में सही पाने पर मिलेगी अनुमति
पीएसईबी के सचिव संदीप शर्मा ने बताया कि सेंटर में एग्जाम देने जाने से पहले उम्मीदवार की बायोमीट्रिक मशीन के माध्यम से उसके फिंगर प्रिंट, चेहरे, आंखों के आकार आदि की जांच होगी। जांच में सही उम्मीदवार आने के बाद ही उसको एग्जाम देने के लिए भीतर जाने के अनुमति दी जाएगी।